Gujarat: वडोदरा में नाव पलटने से 16 छात्रों की हुई मौत, बिना लाइफ जैकेट पहने 27 छात्र थे सवार
Gujarat News: गुजरात के वडोदरा में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां हरनी झील में एक नाव पलटने से 16 छात्रों की मौत हो गई। नाव एक निजी स्कूल के 27 छात्रों को ले जा रही थी। इसी दौरान हादसा हो गया। नाव पर सवार छात्रों ने किसी ने भी कथित तौर पर लाइफ जैकेट नहीं पहना था।
मृतक के परिवार को प्रधानमंत्री राहत कोष की ओर से 2 लाख रुपये की और घायलों को 50 हजार की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं राज्य सरकार मृतक परिवार को 4 लाख रुपये देगी और घायलों को 50 हजार रुपये देने का ऐलान किया है।

वडोदरा में गुरुवार दोपहर हरणी लेक में एक नाव पलट गई। इस हादसे में 14 बच्चों और 2 टीचर की मौत हो गई। नाव में सवार बाकी 10 बच्चे और 2 टीचर को बचा लिया गया है। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।
हादसे का शिकार हुए सभी बच्चे वडोदरा के न्यू सनराइज स्कूल के हैं। इनमें से किसी भी बच्चे या टीचर ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी। इसी वजह से जब नाव पलटी तो सभी पानी में डूबने लगे। गुजरात के गृहमंत्री हर्ष संघवी ने 16 लोगों की मौत कंफर्म की है।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि, यह बेहद दुखद घटना है. जिन लोगों की मौत हुई है उनके परिवारों के प्रति संवेदनाएं। इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 10 लोगों को बचा लिया गया है। सरकार ने घटना को बहुत गंभीरता से लिया है और आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- 'संभावनाओं, क्षमताओं और समृद्धि की भूमि है हरियाणा', वाइब्रेंट गुजरात समिट में बोले सीएम खट्टर
सीएम भूपेंद्र पटेल ने इस हादसे को लेकर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, 'वडोदरा की हरणी झील में नाव पलटने से बच्चों के डूबने की घटना अत्यंत हृदय विदारक है। मैं अपनी जान गंवाने वाले मासूम बच्चों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। दुःख की इस घड़ी में उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ। दयालु ईश्वर उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति दे।
वहीं पीएमओ की ओर से किए गए ट्वीट में कहा गया है कि, पीएम ने कहा वडोदरा की हरनी झील में एक नाव पलटने से हुई लोगों की मौत से व्यथित हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल जल्द ही स्वस्थ हों. स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये दिए जाएंगे और घायलों को 50 हजार रुपये दिये जायेंगे"।












Click it and Unblock the Notifications