टैंपो चलाने वालों के लिए गुजरात में यूनिफॉर्म अनिवार्य हुई, पहनना होगा ब्लू कलर का ऐप्रन
अहमदाबाद। गुजरात में सरकार ने ऑटो रिक्शा चालकों के लिए यूनिफॉर्म अनिवार्य कर दी है। अब इन चालकों को ब्लू कलर का ऐप्रन पहनना होगा। राज्य सरकार ने गुजरात मोटर वाहन नियम-1989 में संशोधन करते हुए यह फैसला लिया, जिसमें ऑटो रिक्शा चालकों के लिए नया ड्रेस कोड लागू कर दिया गया।

संवाददाता ने बताया कि, रिक्शा ड्राइवर्स एसोशिएशन के साथ अहमदाबाद में हुई मीटिंग के बाद राज्य सरकार ने आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा कर दी है। गुजरात में रिक्शा चालकों की आसानी से पहचान के लिए राज्य सरकार पिछले काफी समय से विचार कर रही थी। जिसके चलते उनकी यूनिफार्म तय करने के लिए विभिन्न ऑटो रिक्शा ड्राइवर्स एसोशिएशन के साथ अहमदाबाद में मीटिंग आयोजित की गई। इस दौरान ब्लू कलर के ऐप्रन को यूनिफार्म के तौर पर चुन लिया गया। हालांकि, इसकी अनिवार्यता की तिथि की घोषणा अभी नहीं की गई है।

राज्य में ऑटो रिक्शा चालकों के नाम पर गुनाहों को अंजाम दिए जाने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जिसमें चोरी, लूट व हत्या आदि शामिल हैं। इसी कारण रिक्शा एसोसिएशन द्वारा भी उनको अलग पहचान दिए जाने की मांग की गई थी। ऐसे में कोरोना की महामारी के बीच राज्य सरकार ने इस बात को प्राथमिकता देते हुए फौरन यह निर्णय लिया।












Click it and Unblock the Notifications