गुजरात के डिप्टी सीएम नितिन पटेल कोरोना संक्रमित, अमित शाह के साथ एक कार्यक्रम में हुए थे शामिल
अहमदाबाद, अप्रैल 24। गुजरात के डिप्टी सीएम नितिन पटेल भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। शनिवार को नितिन पटेल ने खुद ट्वीट कर ये जानकारी दी कि उनका RT-PCR टेस्ट पॉजिटिव आया है। पॉजिटिव आने के बाद नितिन पटेल को मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आपको बता दें कि नितिन पटेल शनिवार को ही गृहमंत्री अमित शाह के साथ एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी मौजूद थे।

नितिन पटेल ने अपने ट्वीट में कहा है, "मेरा RT-PCR टेस्ट पॉजिटिव आया है। डॉक्टरों की सलाह पर मुझे मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मैं उन सभी लोगों से आग्रह करता हूं, जो मेरे संपर्क में आए थे कि वो तुरंत अपना टेस्ट कराएं।"
वैक्सीन की पहली डोज ले चुके थे नितिन पटेल
आपको बता दें कि नितिन पटेल ने आज ही गांधीनगर में एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। इस कार्यक्रम में अमित शाह और विजय रूपाणी भी शामिल हुए थे। इसके अलावा नितिन पटेल शुक्रवार को भी विजय रूपाणी के साथ थे। नितिन पटेल ने लगभग एक महीने पहले ही वैक्सीन की पहली डोज भी ली थी।
गुजरात में कोरोना की स्थिति
बता दें कि इन दिनों गुजरात में भी कोरोना का कहर देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को गुजरात में कोरोना के नए मामले 13 हजार से अधिक आए थे और 137 मरीजों की मौत हो गई थी। गुजरात के कई शहरों में नाइट कर्फ्यू भी लगा हुआ है। सूरत और अहमदाबाद में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं।












Click it and Unblock the Notifications