COVID-19: गुजरात में 24 घंटे में कोरोना के 4 नए मरीज, अब तक 3 मौतें और कुल 43 मामले
अहमदाबाद. कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले दिन गुजरने के साथ-साथ बढ़ते ही जा रहे हैं। गुजरात में इसके मरीजों की संख्या गुरुवार को 43 हो गई। जिनमें से अब तक 3 लोगों की जान जा चुकी है। पिछले 24 घंटों में ही यहां कोरोनावायरस के चार पॉजिटिव मरीजों की पहचान हुई। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव जयंती रवि ने गांधीनगर में बताया कि, अहमदाबाद, सूरत, गांधीनगर और भावनगर से एक-एक मामले सामने आये हैं। उन्होंने कहा कि सूबे में सबसे ज्यादा 15 मरीज अहमदाबाद के हैं। उसके बाद वडोदरा से आठ, गांधीनगर और सूरत से सात-सात मामले, राजकोट से चार और कच्छ और भावनगर से एक-एक मामले दर्ज किए गए हैं।

गुजरात के 21 हजार से ज्यादा लोग क्वारंटाइन में
जयंती रवि ने आगे बताया कि, गुजरात में कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण तीसरी मौत भावनगर जिले में हुई। जहां कोरोना वायरस से संक्रमित 70 वर्षीय व्यक्ति की बृहस्पतिवार तड़के जान चली गई। जयंती रवि ने कहा, ‘‘भावनगर के सरकारी अस्पताल में उस व्यक्ति की मौत हुई। इससे पहले इस वायरस से संक्रमित अहमदाबाद के एक मरीज और सूरत के एक मरीज की मौत हो गई थी।''
इसके पहले जयंती ने बताया था कि राज्य में 20,688 लोग क्वारंटाइन में हैं। जिनमें से 20,220 लोग होम क्वारंटाइन में, 430 सरकारी क्वारंटाइन फैसेलिटीज में और 38 प्राइवेट फैसेलिटीज में हैं। उन्होंने कहा, यहां 15,468 लोगों को विदेश यात्रा की हिस्ट्री के जरिए ट्रैक किया गया है और उन्हें क्वारंटाइन किया जा रहा है।

विदेशों से लौटे 27 हजार लोगों की जांच की जा रही
राज्य के चीफ सेकेट्ररी अनिल मुकीम के मुताबिक, सूबे में हाल ही विदेशों से लौटे 27 हजार लोगों की जांच की जा रही है। वायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 43 हो चुकी है। सचिव जयंती रवि ने बुधवार को यह भी बताया था कि, राज्य में होम-क्वारंटाइन तोड़ने वाले 147 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आज फिर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया।

संक्रमित हो चुके लोगों के नाम उजागर होंगे
गुजरात के अंदर जिन लोगों के ब्लड टेस्ट की रिपोर्ट वायरस-पॉजिटिव आई है, उन सभी की पहचान उजागर होगी। खुद गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने यह घोषणा की है। पटेल ने कहा कि, कोरोना के मरीजों के नाम उजागर किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि, ऐसा इसलिए होगा ताकि उनके संपर्क में आए लोगों को पता चल सके कि वे उनसे मिले हैं। सरकार, इस मामले में उचित कार्रवाई भी करेगी।












Click it and Unblock the Notifications