अहमदाबाद के होटल से हत्थे चढ़ा छोटा शकील का शार्प शूटर कोरोना संक्रमित मिला, नेताओं को मारने आया था
अहमदाबाद। गुजरात एटीएस के हत्थे चढ़ा छोटा शकील का शॉर्पशूटर कोरोना वायरस से संक्रमित मिला है। उसका नाम इरफान शेख है। वह अभी महज 23 वर्ष का है। वह मुंबई से गुजरात में भाजपा नेताओं की हत्या करने आया था। खुफिया एजेंसियों एवं पुलिस की सतर्कता के चलते उसे अहमदाबाद की रिलीफ रोड की वीनस होटल से दबोचा गया।

मुंबई से आया था यह शार्प शूटर
एटीएस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "इरफान शेख कोरोना पॉजिटिव निकला है। उसे एक अस्पताल में रखा गया है। उपचार के बाद गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी होगी। हमारी टीम ने उसका टेस्ट कराया था। टीम के जिन जवानों ने उसे पकड़ा, वो सभी लोग भी अपना कोरोना टेस्ट करा रहे हैं और क्वारंटाइन कर दिए गए हैं। इस मामले में हम केंद्र सरकार के दिशा निर्देशों का हम पालन करेंगे।"

ऐसे हत्थे चढ़ा था इरफान शेख
बता दें कि, शेख की बुधवार तड़के पुलिस से मुठभेड़ हुई थी। उसे गिरफ्तार करके पुलिस एवं एजेंसियों ने अंडरवर्ल्ड की बड़ी साजिश नाकाम कर दी। शेख को दरअसल बीजेपी के नेताओं को मारने का टारगेट दिया गया था। उसे कुख्यात बदमाश छोटा शकील (जिसे अंडरवर्ल्ड डॉन भी कहा जाता है) ने भेजा था। शेख के निशाने पर मुख्य रूप से पूर्व गृह राज्य मंत्री गोरधन झाड़फिया थे।

एटीएस चीफ ने यह बातें कहीं
एटीएस चीफ हिमांशु शुक्ला के मुताबिक, 'शेख हमारी कार्रवाई में दो पिस्टल के साथ अरेस्ट हुआ था। हमें छोटा शकील गैंग के बारे में यह सूचना मिली थी कि, 2 शॉर्प शूटर अहमदाबाद की एक होटल में छिपे हैं। जिसके बाद हमने फौरन तैयारी शुरू कर दी। बुधवार सुबह के करीब 3 बजे हमारी एक टीम ने वीनस होटल पर रेड मारी। वहां से एक शॉर्प शूटर को पकड़ लिया, जबकि एक अन्य भाग निकला।''












Click it and Unblock the Notifications