सैलून-मसाज पार्लर वाले को झूठे केस में फंसाने की धमकी दे पुलिसवालों ने मांगे 60 हजार, ACB आई तो हुए गायब
सूरत। गुजरात में सूरत के परवत पाटिया इलाके में सैलून और मसाज पार्लर संचालक को धमकाते हुए 60 हजार रुपए मांगने वाले दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ एसीबी ने केस दर्ज किया है। उन पुलिसकर्मियों ने पीड़ित को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी थी। दोनों ने फोन पर रकम मांगी थी। जब पीड़ित की ओर से शिकायत की गई तो वॉइस स्पेक्ट्रोग्राफी के एफएसएल की रिपोर्ट में दोनों की आवाज जांची गई। जिससे घटना की पुष्टि हुई। उसके बाद एसीबी ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी।

आरोपितों में पुलिसकर्मी प्रकाश पुत्र मोती देसाई और महावीर सिंह पुत्र नरपतसिंह जाड़ेजा शामिल हैं। इन दोनों पुलिसकर्मियों को दो साल पहले एसीबी ने गिरफ्तार करने की योजना बनाई थी, पर भनक लगते ही दोनों सतर्क हो गए थे। महावीर सिंह जहां खुद की बीमारी का बहाना कर छुट्टी पर कहीं चला गया, वहीं प्रकाश देसाई भी गायब हो गया। अपना पता भी गलत लिखवा दिया। बहरहाल, दोनें के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है।
ऐसा ही एक और मामला चौक बाजार थाने के सब इंस्पेक्टर संदीपदान गढ़वी का भी सामने आया है। आरोप हैं कि, संदीपदान ने दो महीने पहले रेप के केस को कमजोर करने के लिए आरोपी से ढाई लाख रुपए रिश्वत मांगी थी। केस कमजोर होने से रेप के आरोपी को आसानी से जमानत मिल जाती। एसीबी को दोनों के बीच सांठगांठ की भनक लग गई। जिसके चलते एसीबी ने बीते 5 सितंबर को संदीपदान को 2 लाख रुपए रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ने की तैयारी की। हालांकि, वहां पीएसआई ने रकम लेने से इनकार कर दिया था। बाद में एसीबी ने केस दर्ज किया।












Click it and Unblock the Notifications