Ahmedabad के स्कूल में खूनी खेल! 10वीं के छात्र ने 8वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या की, जानें क्या थी वजह?
Ahmedabad Student Attack Reason: अहमदाबाद के खोखरा इलाके में स्थित सेवेंथ-डे एडवेंटिस्ट स्कूल में , 20 अगस्त 2025 को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कक्षा 10 के एक छात्र ने कक्षा 8 के छात्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। इस हत्याकांड ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी।
गुस्साए सिंधी समुदाय ने स्कूल पर धावा बोलकर जमकर तोड़फोड़ की, और प्रिंसिपल समेत स्टाफ पर हमला कर दिया। घटना में छात्र की मौत हो गई।

मामूली विवाद ने लिया खौफनाक रूप
पुलिस के मुताबिक, यह खूनी वारदात स्कूल के अंदर दो छात्रों के बीच मामूली कहासुनी से शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ा कि 10वीं के छात्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर कक्षा 8 के छात्र पर स्कूल के बाहर चाकू से हमला कर दिया। घायल छात्र को तुरंत मणिनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
सिंधी समुदाय का गुस्सा फूटा, स्कूल बना रणक्षेत्र
छात्र की मौत की खबर फैलते ही सिंधी समुदाय के सैकड़ों लोग स्कूल परिसर में जमा हो गए। गुस्साई भीड़ ने स्कूल की खिड़कियां, दरवाजे, और संपत्ति को निशाना बनाया। स्कूल बसों, कारों और दोपहिया वाहनों में तोड़फोड़ की गई। भीड़ ने प्रिंसिपल और स्टाफ पर हमला किया, एक कर्मचारी का कॉलर पकड़कर उसे घसीटा गया।
हालात इतने बेकाबू हो गए कि पुलिस के सामने भी भीड़ ने स्टाफ की पिटाई जारी रखी और एक पुलिस वाहन को पलटने की कोशिश की।
पुलिस पर भी हमला, लाठीचार्ज से संभली स्थिति
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मणिनगर के विधायक, डीसीपी बलदेव देसाई और एसीपी मौके पर पहुंचे। बजरंग दल, विहिप और एबीवीपी के कार्यकर्ता भी भगवा गमछा पहनकर 'जय श्री राम' के नारे लगाते हुए स्कूल पहुंचे।
करीब 2,000 लोगों की भीड़ ने स्कूल के बाहर सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। आखिरकार, पुलिस को लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा ताकि स्थिति पर काबू पाया जा सके।
अभिभावकों का गंभीर आरोप
मृतक छात्र के परिजनों और अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि स्कूल ने समय पर एम्बुलेंस नहीं बुलाई, जिससे छात्र की जान बचाई जा सकती थी।
साथ ही, यह भी दावा किया जा रहा है कि हमलावर छात्र ने निजी दुश्मनी के चलते 8-10 बाहरी लोगों को स्कूल में बुलाया, जिन्होंने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच शुरू, शहर में तनाव
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया गया है। स्कूल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इस घटना ने शहर में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है, और लोग स्कूल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। यह घटना न केवल एक मासूम की जान ले गई, बल्कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े कर रही है।
क्या कहती है पुलिस?
संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौर ने कहा कि दो छात्रों में झगड़ा हुआ और उनमें से एक ने दूसरे को चाकू मार दिया। पुलिस ने कल ही प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। आरोपी को हिरासत में लिया गया था। इलाज के दौरान घायल बच्चे की मौत हो गई। इसलिए, उसका परिवार, अन्य छात्रों के अभिभावक और सिंधी समुदाय के लोग यहां एकत्र हुए हैं। पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी यहां मौजूद हैं। आगे की जांच की जा रही है...मृतक बच्चा सिंधी समुदाय से था और मुख्य आरोपी मुस्लिम समुदाय से है।
ये भी पढ़ें- अहमदाबाद में इंडिगो फ्लाइट के इंजन में आग, पायलट ने कैसे बचाई यात्रियों की जान? 260 मौतों के जख्म हुए ताजा!












Click it and Unblock the Notifications