दोस्तों के साथ नहाने के लिए घर से गया 12 साल का लड़का, तापी नदी में डूबा
सूरत। गुजरात के कापाेद्रा में भक्ति नगर के पीछे से बह रही तापी नदी में एक 12 साल का लड़का डूब गया। वो लड़का अपने 5-6 दोस्तों के साथ नहाने के लिए घर से आया था। तब दोपहर के साढ़े 3 बजे थे और गर्मी पड़ रही थी। बच्चे नदी में उतर गए और डुबकी लगाकर नहाने लगे। तभी 12 साल का कुणाल गहरे पानी में डूबने लगा।
उसे डूबता देखकर उसके साथ नहा रहे दोस्तों की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई। वहां से फौरन कुणाल का एक दोस्त उसके घर गया और वहां घरवालों को जानकारी दी। घरवालों ने फायर डिपार्टमेंट को सूचना दी। सूचना मिलने के कुछ समय बाद फायर ब्रिगेड के कर्मचारी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने नदी में कुणाल को खोजना शुरू कर दिया।

कुछ देर बाद कुणाल पानी में मिल गया। उसे बाहर निकालकर पीपी सवाणी अस्पताल ले जाया गया। मगर, उसके तो फेफड़ों में पानी भर चुका था। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिर घटना की जानकारी मिलते ही कापोद्रा पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस ने अन्य बच्चों से पूछताछ की।
पुलिस ने बताया कि, 12 साल का कुणाल कापोद्रा में हीरा बाग के पास इंदिरा नगर में रहने वाले रमेशभाई परमार का बेटा था। रमेशभाई परमार एम्ब्रॉयडरी के कारखाने में काम करते हैं। कारखाना बंद होने के कारण अभी वे अपने गांव में हैं।












Click it and Unblock the Notifications