Vande Bharat Express: आज शाम गोरखपुर पहुंचेगी वंदे भारत, पीएम मोदी सात जुलाई को दिखाएंगे हरी झंडी
Vande Bharat Express News Gorakhpur: पूर्वोत्तर रेलवे के साथ ही गोरखपुरवासियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। काफी दिनों ने वंदे भारत ट्रेन चलने का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। पूर्वोत्तर रेलवे को आठ कोच वाली पहली वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिल चुकी है। जो चेन्नई से रवाना हो चुकी है। आज शाम इसके गोरखपुर पहुंचने की संभावना है। सात जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन को गोरखपुर से हरी झंडी दिखा सकते हैं।
आठ कोच वाली पहली वंदे भारत ट्रेन की रेक इंटीगरल कोच फैक्ट्री (आइसीएफ) चेन्नई से गोरखपुर के लिए रवाना हो गई है। गोरखपुर जंक्शन यार्ड में शुक्रवार शाम पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। रविवार और सोमवार को ट्रेन का स्पीड ट्रायल हो सकता है। इसे लेकर पूर्वोत्तर रेलवे व गोरखपुरवासियों में खासा उत्साह है।

ट्रेन को अयोध्या के रास्ते गोरखपुर से लखनऊ और प्रयागराज के बीच चलाने की तैयारी चल रही है। रेलवे प्रशासन ने ट्रेन की समय सारिणी, रूट और ठहराव का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। प्रस्ताव के अनुसार ट्रेन सुबह सात बजे गोरखपुर से रवाना होगी। अयोध्या, लखनऊ होते हुए दोपहर दो बजे तक प्रयागराज पहुंचेगी। प्रयागराज से दोपहर बाद तीन बजे से रवाना होकर यह ट्रेन रात दस बजे तक गोरखपुर पहुंच जाएगी। जानकारों का कहना है कि प्रस्ताव में कुछ संशोधन हो सकता है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार पूर्वोत्तर रेलवे को वंदे भारत ट्रेन की पहली रेक अलाट कर दी गई है। जल्द ही यात्रियों को इसकी सेवा मिलनी शुरु हो जाएगी। जो रेलवे के क्षेत्र में पूर्वांचल के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी। वंदे भारत को चलाने के लिए गोरखपुर-लखनऊ रेलमार्ग को 160 किमी की रफ्तार के लायक तैयार किया जा रहा है। इसके लिए पटरी व सिग्नल सिस्टम को मजबूत करने के साथ संरक्षा और ओवरहेड इक्यूपमेंट (ओएचई) को सुदृढ़ किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications