यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग की अध्यक्ष प्रोफेसर कीर्ति पाण्डेय का गोरखपुर विश्वविद्यालय से है यह खास नाता
UP Education Service Selection Commission Chairman Kirti Pandey News: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष पद पर दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग की प्रोफेसर कीर्ति पाण्डेय को नियुक्त किया गया है। वर्तमान में प्रो. पाण्डेय दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में कला संकाय की अधिष्ठाता हैं। प्रो. कीर्ति पाण्डेय का लंबा प्रशासनिक अनुभव है। वह जून,2023 से विश्वविद्यालय में अधिष्ठाता, कला संकाय हैं. सन 2011 से 2014 तक समाजशास्त्र विभाग की अध्यक्ष रही हैं। वह सन 2015 से 2017 तक विश्वविद्यालय के यूजीसी-एचआरडीसी की निदेशक रही हैं।
प्रो. कीर्ति पाण्डेय ने सन 1982 में बुद्धा पी.जी. कॉलेज, कुशीनगर से स्नातक तथा गोरखपुर विश्वविद्यालय से सन 1984 में परास्नातक की उपाधि हासिल की। उन्होंने अपनी पीएचडी सुप्रसिद्ध समाजशास्त्री प्रो. एसपी नागेंद्र के निर्देशन में सन 1992 में पूरा किया। उच्च शिक्षा में शिक्षक के रूप में प्रो. कीर्ति पाण्डेय का 39 वर्षों का लंबा अनुभव है। सन 1985 में समाजशास्त्र विभाग में उन्होंने एडहॉक पर लेक्चरर के रूप में शिक्षण कार्य शुरू किया था। सन 1987 में एसवी डिग्री कॉलेज, देवरिया में एजुकेशन सर्विस कमीशन की परीक्षा द्वारा नियुक्ति हुई थी। वह सन 1988 में लेक्चरर के रूप में गोरखपुर विश्वविद्यालय में स्थाई रूप से नियुक्त हुई थीं। वह गोरखपुर विश्वविद्यालय में सन 2006 से प्रोफेसर हैं।

अक्तूबर, 2021 में भारत सरकार द्वारा तीन साल के लिए नाथ ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी, शिलांग का विजिटर्स नॉमिनी नियुक्त किया गया था। वहां इसी महीने उनका कार्यकाल पूरा होगा। प्रो. कीर्ति राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्याल, फैजाबाद, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी और सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु के बोर्ड ऑफ स्टडीज की सदस्य रही हैं। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और आरएमएल अवध यूनिवर्सिटी में शोध उपाधि समिति की भी सदस्य रही हैं। इसके साथ ही वह जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली, इंदिरा गांधी नेशनल ट्राइबल यूनिवर्सिटी, अमरकंटक, केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी सहित कई विश्वविद्यालय में चयन समिति की सदस्य रहीं।
प्रो. कीर्ति पाण्डेय की विशेषज्ञता 'इंडियन सोसाइटी एंड कल्चर' पर है। भारतीय डाकियों की सामाजिक स्थिति सहित कई पुस्तकों तथा शोध-पत्रों का प्रकाशन भी किया। इस पर उन्होंने काफी काम किया है। सोशियोलॉजी ऑफ डेवलपमेंट उनका पसंदीदा क्षेत्र है।
प्रोफेसर कीर्ति पाण्डेय को आयोग का अध्यक्ष बनाए जाने पर विश्वविद्यालय परिवार ने बधाइयां दी हैं। कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन ने उन्हें बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी हैं।












Click it and Unblock the Notifications