जब भाजपा प्रत्याशी रवि किशन ने गठबंधन उम्मीदवार से मिलाया हाथ, कही ये बात
Gorakhpur news, गोरखपुर। उत्तर प्रदेश की गोरखपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी रवि किशन गठबंधन प्रत्याशी रामभुआल निषाद से हाथ मिलाते नजर आए। यही नहीं उन्होंने रामभुआल निषाद को चुनाव के लिए बधाई भी दी। रवि किशन ने कहा कि मनुष्य ही मनुष्य से मिलता है, हम जरूर मिलेंगे।

नामांकन करने पहुंचे थे रामभुआल निषाद
दरअसल, बुधवार को रामभुआल निषाद और सदल प्रसाद नामांकन करने पहुंचे थे। इसी दौरान भाजपा उम्मीदवार रवि किशन रिटर्निंग ऑफिसर के पास पहुंचे। रवि किशन से पूछा गया कि क्या आप अपनी प्रतिद्वंदी से मुलाकात करेंगे तो उन्होंने ने कहा कि वह जरूर मिलेंगे, मनुष्य ही मनुष्य से मिलता है, लड़ाई विचारधाराओं की है। इसके बाद रवि किशन रामभुआल के पास पहुंचे और हाथ मिलाते हुए उन्हें बधाई भी दी।
ये भी पढ़ें: गोरखपुर लोकसभा चुनाव की विस्तृत कवरेज

भाजपा और योगी आदित्यनाथ ने दी बड़ी जिम्मेदारी
रवि किशन ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। इससे पहले गोरखनाथ मंदिर में दर्शन कर गोरक्षपीठ में रुद्राभिषेक कर जीत का आशीर्वाद लिया। रवि किशन ने कहा था कि गोरखपुर की सीट काफी महत्वपूर्ण सीट है और इसके लिए उनके ऊपर एक बड़ी जिम्मेदारी योगी आदित्यनाथ और पार्टी ने दी है।

उपचुनाव में जो गलती हुई, उसे सुधारना है
रवि किशन ने कहा कि वह हर एक कार्यकर्ता और आम लोगों से मिलने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2018 की तरह नहीं लेना है कि हम चुनाव जीत रहे हैं। पिछली बार जो गलती उपचुनाव में हुई थी उसे सुधारने के लिए प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि गठबंधन से सीधी लड़ाई है। बता दें कि गोरखपुर में अब तक 18 बार लोकसभा चुनाव हुए हैं, जिसमें से आठ बार गोरक्षपीठ का कब्जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications