Gita Vatika News Gorakhpur: श्रीराधारानी का प्राकट्य महोत्सव 21 सितंबर से, यहां देखें पूरा विवरण
Gita Vatika News Gorakhpur: गोरखपुर स्थित राधा- कृष्ण के विश्व प्रसिद्ध मंदिर गीता वाटिका में श्रीराधारानी का 85वां प्राकट्य महोत्सव भाद्रपद शुक्ल षष्ठी से भाद्रपद शुक्ल एकादशी तदनुसार 21 सितम्बर से 25 सितम्बर 2023 तक धूमधाम से मनाया जाएगा । इस अवसर पर कई कार्यक्रम आयोजित होंगे।
हनुमान प्रसाद पोद्दार स्मारक समिति, गीता वाटिका के संयुक्त सचिव रसेन्दु फोगला ने बताया कि प्राकट्य महोत्सव 21 सितम्बर से शुरु होकर 25 सितम्बर को समाप्त होगा। इसके अन्तर्गत भाद्रपद शुक्ल षष्ठी तदनुसार 21 सितम्बर (गुरुवार) को श्रीराधारानी की अष्टसखियों में प्रधान सखी श्रीललिताजी का प्राकट्योत्सव मनाया जायेगा । प्रातः छह बजे से संकीर्तन एवं पद गायन शुरू होंगे । प्राकट्य की आरती प्रातः 06:31 बजे होगी । तत्पश्चात् षोडशोपचार पूजन किया जायेगा साथ ही साथ बधाई के पदों का गायन व संकीर्तन भी चलता रहेगा ।

षोडशोपचार पूजन के बाद विशेष भोग अर्पित किया जाएगा । तत्पश्चात् आरती एवं प्रसाद-वितरण के कार्यक्रम होंगे । प्रातः 09 बजे से श्रीभाईजी पावन कक्ष में श्रीभाईजी द्वारा रचित पदों के संग्रह ग्रंथ "पद रत्नाकर " के अखण्ड पारायण का शुभारम्भ होगा । अपराह्न 03 से 06 बजे तक संकीर्तन एवं टेप द्वारा वाणी श्रवण कार्यक्रम होगा । सायं 06 बजे से वृन्दावन से पधारी रासमण्डली द्वारा रासलीला का दर्शन कराया जाएगा तथा रात्रि 09:00 बजे से नेह निकुंज में दैनिक आरती एवं श्रीराधाकृष्ण साधना मंदिर में दैनिक शयन आरती के कार्यक्रम होंगे ।
भाद्रपद शुक्ल सप्तमी तदनुसार 22 सितम्बर शुक्रवार को प्रातः 05 बजे से श्रीचैतन्य महाप्रभु- लीला-दर्शन, पद-रत्नाकर के अखण्ड पारायण की सम्पन्नता तथा सायंकाल रासलीला - दर्शन के कार्यक्रम होंगे । श्रीराधा प्राकट्य दिवस महोत्सव 23 सितम्बर को, दधिकर्दमोत्सव 24 सितम्बर को तथा श्रीभाईजी का भावार्चन 25 सितम्बर को सम्पन्न होगा ।












Click it and Unblock the Notifications