गोरखपुर: रेप के आरोपी युवक की गोली मारकर हत्या, पीड़िता के पिता ने कचहरी के बाहर दी मौत
गोरखपुर, 21 जनवरी: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शुक्रवार को कचहरी परिसर में हत्या की वारदात से हड़कंप मच गया। पूर्व फौजी ने नाबालिग बेटी के साथ रेप के आरोपित युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बिहार के मुजफ्फपुर का रहने वाला दिलशाद पॉक्सो कोर्ट में चल रहे मुकदमे की पैरवी करने कचहरी आया था। स्टैंड संचालक व गेट पर सुरक्षा में लगे दो सिपाहियों ने वारदात के बाद भाग रहे फौजी को दौड़ाकर असलहा समेत दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। एडीजी अखिल कुमार ने बताया कि दिलशाद हुसैन नामक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हथियार भी बरामद किया है। मृतक पर पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा था, जिसकी सुनवाई के लिए कोर्ट में दोनों पक्ष आए थे। प्रथम दृष्टया पता चला है कि उसी रंजिश में हत्या हुई है।

बीएसएफ के सेवानिवृत्त जवान मूल रूप से बड़हलगंज के महराजगंज गांव के रहने वाले हैं। वह पटनाघाट तिराहे के पास स्थित एक मकान में परिवार के साथ रहते हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के विधिपुरा शकरा निवासी दिलशाद हुसैन उनके घर के सामने पंक्चर की दुकान चलाता था। 12 फरवरी 2020 को दिलशाद ने जवान की नाबालिग बेटी को अगवा कर लिया। 17 फरवरी 2020 को भागवत ने दिलशाद के खिलाफ दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज कराया।
12 मार्च 2021 को बड़हलगंज पुलिस ने दिलशाद को हैदराबाद में गिरफ्तार कर किशोरी को मुक्त कराया था। गोरखपुर लाने के बाद पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। किशोरी नारी निकेतन चली गई। दो महीने पहले दिलशाद जमानत पर जेल से छूटा था। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट कोर्ट नंबर चार में चल रहे मुकदमे में शुक्रवार को गवाही होनी थी। कोरोना संक्रमण के कारण वादकारियों का प्रवेश परिसर में वर्जित है। इसी बीच जवान ने वहां पहुंचकर दिलशाद की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े कचहरी में हुई घटना से नाराज अधिवक्ता ने सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। एडीजी ने मौके पहुंचकर मामला शांत कराया। एहतियातन कचहरी के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications