गोरखपुर: सूदखोरों ने पिता के सामने बेटे के सिर में तमंचा सटाकर मारी गोली
Gorakhpur news, गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सूदखोरों ने एक पिता के सामने उसके बेटे की हत्या कर दी। इस दौरान उसे बचाने गए फुफेरे भाई पर भी चाकू से हमला कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए। घटना तिवारीपुर के रामदत्तपुर की है।

घर से बुलाकर ले गए तीन लोग
रामदत्तपुर निवासी ध्यानचंद चौरसिया के दो बेटों में छोटा बेटा मुकुंद चौरसिया उर्फ सनी आरएमएस (रेलवे मेल सर्विस) में संविदा कर्मी कर्मचारी था। सोमवार की रात 8 बजे वह घर पर मौजूद था, तभी अंधियारी बाग दक्षिणी निवासी विकास यादव उर्फ बंटी, भरत भूषण और एक अन्य युवक उसके पास पहुंचे। किसी काम के बहाने उसे बुलाकर घर से थोड़ी दूर काली मंदिर पर ले गए और बातचीत के दौरान विवाद में बंटी यादव और साथियों ने मुकुंद पर चाकू से हमला कर दिया।

पिता के सामने सिर में मारी गोली
शोर मचाने पर फुफेरा भाई प्रशांत और पिता दौड़ पड़े। इसी बीच बंटी ने पिता के सामने ही मुकुंद के सिर में तमंचा सटाकर गोली मार दी। प्रशांत ने पकड़ने का प्रयास किया तो प्रशांत के गर्दन पर चाकू से हमला कर साथियों संग फरार हो गया। परिजन मुकुंद और प्रशांत को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मुकुंद को मृत घोषित कर दिया।

मुकुंद ने अपने परिचित को बंटी से ब्याज पर रुपए दिलवाए थे
पुलिस ने बताया कि मुकुंद और बंटी की जान पहचान पुरानी थी। कुछ दिन पहले मुकुंद ने अपने परिचित को बंटी से ब्याज पर रुपए दिलवाए थे। बंटी रुपए वापस करने के लिए मुकुंद पर दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर सोमवार की रात में दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद बंटी ने गोली मारकर हत्या कर दी।












Click it and Unblock the Notifications