Gorakhpur: आवास का है सपना तो खोराबार टाउनशिप व मेडिसिटी में इस तिथि से कराएं पंजीकरण
गोरखपुर में जीडीए ने खोराबार टाउनशिप व मेडिसिटी योजना में आवास के लिए पंजीकरण कराने के लिए 19 मई की तिथि निर्धारित की है।

Gorakhpur News: आवास का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। सीएम योगी के ड्रीम प्रोजेक्ट खोराबार टाउनशिप व मेडिसिटी योजना में रजिस्ट्रेशन करा कर इस सपने का साकार कर सकते हैं। 19 मई से इच्छुक व्यक्ति पंजीकरण करा सकते हैं।
खोराबार टाउनशिप में विभिन्न श्रेणी के 692 प्लॉट, बहुमंजिला भवन के लिए ग्रुप हाउसिंग के 7 प्लॉट, ईडब्लूएस/एलआईजी के लिए एक प्लॉट की डिजाइनिंग की गई है। बहुमंजिला भवनों में अलग अलग श्रेणी के कुल 2080 फ्लैट बनाए जाएंगे। इसके अलावा टाउनशिप में व्यावसायिक भूखंड, दुकानों, विद्यालयों, क्रीड़ास्थल व पार्कों का भी प्रस्ताव है।
इस आवासीय योजना में पंजीकरण के लिए जीडीए ने 19मई की तिथि निर्धारित की है। इससे पूर्व 18 मई को जीडीए में बैठक कर परियोजना के तहत भूखंडों और फ्लैट की कीमतों को अनुमोदित किया जाएग। निकाय चुनाव को लेकर लागू की गई आदर्श आचार संहिता की वजह से पंजीकरण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। अब इस कार्य में तेजी लाई गयी है। 28 मार्च को सीएम योगी ने टाउनशिप योजना की आधारशीला रखी थी।
मेडिसिटी में आठ बड़े भूखंड बड़े अस्पतालों व नर्सिंग होम के लिए होंगे। इसके अलावा 16 भूखंड मध्यम आकार के नर्सिंग होम्स के लिए, 48 भूखंड छोटे आकार के नर्सिंग होम के लिए आवंटित किए जाएंगे। जबकि, आयुष चिकित्सा तथा आवासीय क्लिनिक के लिए भी एक-एक भूखंड की व्यवस्था बनाई गई है। मेडिसिटी में होटल, व्यावसायिक, मल्टीलेवल पार्किंग, पुलिस चौकी, फायर स्टेशन के लिए भूखंड व पार्क का भी प्रावधान किया गया है। इस योजना से गोरखपुर के विकास को और गति मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications