North Eastern Railway के खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर किया शानदार प्रदर्शन, ये उपलब्धियां रही नाम
Gorakhpur News: वर्ष 2023 पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ द्वारा संचालित खेल गतिविधियों के परिप्रेक्ष्य में उपलब्धियों से भरा रहा है। इस वर्ष अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पूर्वोत्तर रेलवे के खिलाड़ियों ने देश का परचम लहराया ।
कुश्ती की बात करें तो पूर्वोत्तर रेलवे के खिलाड़ियों आशु को 67 किलो भारवर्ग में प्रथम वर्ल्ड ग्रैंड प्रिक्स चैम्पियनशिप-2023, क्रोशिया में ब्रांज मेडल प्राप्त हुआ वहीं सीनियर रेसलिंग एशियन चैम्पियनशिप कजाकिस्तान तथा सेकेण्ड वर्ल्ड चैम्पियनशिप, इटली में इन्होंने देश का प्रतिनिधित्व किया। कुश्ती की महिला खिलाड़ी मानसी ने 57 किलो भारवर्ग में एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वहीं कुश्ती खिलाड़ी मनीष ने सीनियर वर्ल्ड चैम्पियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व किया।

एथलेटिक्स में 20 किलोमीटर वाक् रेस में प्रियंका गोस्वामी को एशियन चैम्पियनशिप में ब्रांज मेडल, वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में ब्रांज मेडल मिला तथा अजय कुमार सरोज को सीनियर एशियन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप, बैंकाक में गोल्ड मेडल तथा एशियन गेम्स, चाइना में सिल्वर मेडल प्राप्त हुआ।
कबड्डी में पूर्वोत्तर रेलवे के सुनील और परवेश ने सीनियर एशियन कबड्डी चैम्पियनशिप कोरिया तथा एशियन गेम्स चाइना में भारतीय टीम में खेलते हुये गोल्ड मेडल प्राप्त किया । हैण्डबाल में सुषमा, ज्योति शुक्ला और नीना ने सीनियर महिला हैण्डबाल चैम्पियनशिप, जापान और एशियन गेम्स चाइना में भारतीय टीम की ओर से हिस्सा लिया । हैण्डबाल खिलाड़ी प्रिया ने आई.एच.एफ. हैण्डबाल ट्राफी उज्बेकिस्तान में सिल्वर मेडल प्राप्त किया । पूर्वोत्तर रेलवे के हाकी खिलाड़ी आदित्य सिंह का चयन जूनियर वर्ल्ड कप मलेशिया के लिये किया गया।
इसी प्रकार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी पूर्वोत्तर रेलवे के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन रहा । हैण्डबाल पुरूष एवं महिला की टीम अखिल भारतीय रेलवे चैम्पियनशिप में चैम्पियन रही। कबड्डी में भी पूर्वाेत्तर रेलवे की टीम अखिल भारतीय रेलवे स्तर पर चैम्पियन रही। रेसलिंग की टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुये पहली बार अखिल भारतीय रेलवे स्तर पर चैम्पियन बनी। इसके अतिरिक्त वेटलिफ्टििंग, एथलेटिक्स, रेसलिंग, वालीबाल, कबड्डी, हैण्डबाल में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अनेक मेडल प्राप्त हुये।
इस वर्ष पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ द्वारा काशीपुर में पावर लिफ्टििंग में अखिल भारतीय रेल प्रतियोगिता का आयोजन हल्द्वानी (काठगोदाम) में हैण्डबाल पुरूष एवं महिला की अखिल भारतीय रेलवे चैम्पियनशिप का आयोजन तथा सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम,गोरखपुर में अखिल भारतीय रेलवे कबड्डी पुरूष प्रतियोगिता का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया ।
खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिये एक बड़ी उपलब्धि के रूप में नवीनीकृत तरणताल का उद्घाटन किया गया, जिसका लाभ न सिर्फ नवोदित खिलाड़ियों को बल्कि क्षेत्र के लोगों को तथा गोरखपुर के आसपास विभिन्न संस्थानों में प्रशिक्षण पा रहे जवानों को भी मिला है। विदित है कि यह स्वीमिंग पुल क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के तैराक तैयार करने के उद्देश्य से खोला गया है। कबड्डी के खिलाड़ियों के लिये एक अतिरिक्त कबड्डी मैट खरीदा गया है। अनेक खेलों के कैम्प का आयोजन किया गया । रेलवे किक्रेट ग्राउण्ड के पवेलियन में खिलाड़ियों के ठहरने के लिये बंक बेडों का प्रावधान कराया गया ।
नये वर्ष में खिलाड़ियों के लिये एक नये हाकी ग्राउण्ड जो लगभग पूरी तरह बनकर तैयार है, इसे खिलाड़ियों को समर्पित किया जायेगा। सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम के बैडमिंटन हाल के नवीनीकरण का कार्य प्रगति पर है। इसमें खिलाड़ियों के माँग के दृष्टिगत 03 कोर्ट का प्रावधान किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त एक नये स्क्वेश कोर्ट बनाया जायेगा । इसके साथ ही खिलाड़ियों के ठहरने के लिये भी एक नये हास्टल का प्रावधान किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications