गोरखपुर: युवती का अपहरण कर पीटा, WhatsApp पर पिता को भेजी ऐसी तस्वीरें
गोरखपुर। प्राइवेट कंपनी में काम करने वाली 23 साल की युवती मंगलवार को लापता हो गई थी। वह सुबह घर से ऑफिस को निकली थी और शाम में उसके नंबर से पिता को कुछ तस्वीरें भेजी गई है जिसमें उसे बंधक बनाया गया है। मुंह बांधा हुआ है और सिर से खून निकलता दिख रहा है। तस्वीरे देखने के बाद घर में कोहराम मच गया। पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

क्या है मामला
जानकारी के मुताबिक, चौरीचौरा क्षेत्र के हरिओमनगर में रहने वाले अनिल पांडेय सेंट्रल एकेडमी में शिक्षक है। उनकी बेटी काजल भोपा बाजार स्थित एयरटेल कंपनी के ऑफिस में कार्यरत हैं। मंगलवार की सुबह उसने पिता को बताया कि वहां पर लोगों का बर्ताव ठीक नहीं है और आज वह हिसाब करने जा रही है। इसके बाद से ही वह घर नहीं लौटी। परेशान पिता ने शाम को फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो फोन स्विच ऑफ आया। थोड़ी देर बाद पिता के व्हाट्सएप पर काजल के नंबर से कई फोटो और एक संदेश आया।

व्हाट्सएप पर लिखा ये संदेश
संदेश में लिखा था कि मैंने अपना बदला ले लिया और फोटो में उसके मुंह और हाथ को बांधा गया था। सिर से खून भी बहता दिखाई दे रहा है। पुलिस तहरीर के आधार पर अपहरण का केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, पिता ने साथी कर्मचारियों पर संदेह जाहिर किया है। उनका कहना है कि बेटी ने बताया कि साथियों का बर्ताव ठीक नहीं है। इसी वजह से उसने काम छोड़ने का भी फैसला किया था। मंगलवार को वह इसी काम के लिए गई थी।

क्या कहा एसएसपी ने
एसएसपी डॉ. सुनील कुमार गुप्ता की मानें तो पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर लिया है। दो संदिग्धों को उठाया गया है, जांच जारी है। लड़की किस हाल में है? अभी कुछ बता नहीं सकता हूं। लड़की गायब है, उसकी तलाश और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है।












Click it and Unblock the Notifications