DDU University की कुलपति प्रो. पूनम टंडन को “वाइस चांसलर ऑफ द ईयर” पुरस्कार
DDU University Gorakhpur: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन को "वाइस चांसलर ऑफ द ईयर" (Vice Chancellor of the Year) पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान मेकिंग इंडिया एम्प्लॉयबल कॉन्फ्रेंस एंड अवॉर्ड्स 2025 के अंतर्गत नोवोटेल मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।
यह सम्मान रोज़गारोन्मुख शिक्षा, कौशल विकास एवं उच्च शिक्षा सुधार के क्षेत्र में प्रो. टंडन के उत्कृष्ट नेतृत्व और उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। उनके दूरदर्शी मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचार तथा उद्योग-अकादमिक सहयोग के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।

पद्म विभूषण डॉ. आर. ए. माशेलकर की अध्यक्षता में गठित प्रतिष्ठित ज्यूरी पैनल में रोमा बलवानी (इंडिपेंडेंट डायरेक्टर, गोदावरी पावर एंड इस्पात लिमिटेड एवं सीईओ, इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन), श्री सिद्धार्थ पाई (संस्थापक, सियाना कैपिटल), प्रो. टी. एन. सिंह (निदेशक, आईआईटी पटना) और श्री चेनराज रॉयचंद (चांसलर, जैन डीम्ड-टू-बी यूनिवर्सिटी एवं चेयरमैन, जैन ग्रुप) शामिल थे।
इस समारोह में पद्म विभूषण डॉ. आर. ए. माशेलकर, पद्मश्री मोहनदास पाई (चेयरमैन, एरिन कैपिटल), श समीर सोमैया (प्रेसिडेंट, सोमैया विद्याविहार एवं चांसलर, सोमैया विद्याविहार विश्वविद्यालय), मनीष सभरवाल (वाइस चेयरमैन, टीमलीज़ सर्विसेज लिमिटेड) सहित विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के पूर्व अध्यक्ष एवं देश के विभिन्न भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IITs) के निदेशकगण उपस्थित रहे।
मेकिंग इंडिया एम्प्लॉयबल मंच - इंडिया एजुकेशन फोरम एवं इंडिया एम्प्लॉयर फोरम द्वारा टीमलीज़ एडटेक लिमिटेड के सहयोग से प्रस्तुत - भारत में शिक्षा, रोजगारोन्मुखता एवं कौशल विकास के क्षेत्र में परिवर्तन लाने वाले व्यक्तित्वों एवं संस्थानों को सम्मानित करता है।
अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए प्रो. पूनम टंडन ने कहा -
"यह सम्मान दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के संपूर्ण परिवार की सामूहिक भावना, परिश्रम और नवाचार की पहचान है। यह हमें भविष्य के लिए तैयार, कुशल और सामाजिक रूप से जिम्मेदार विद्यार्थियों को विकसित करने के अपने मिशन को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।"
यह उपलब्धि दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण है, जो प्रो. पूनम टंडन के गतिशील नेतृत्व में शिक्षा, अनुसंधान और रोजगारोन्मुखता के क्षेत्र में उत्कृष्टता का केंद्र बनकर उभर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications