DDU University Gorakhpur: सूचना, प्रकाशन और जनसंपर्क केंद्र की होगी स्थापना, छात्रों को होगा यह फायदा
Gorakhpur News: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में शैक्षणिक और अनुसंधान क्षेत्र में उत्कृष्टता के मिशन से संबंधित सूचना और संचार को आगे बढ़ाने के लिए एक प्रतिबद्ध सूचना, प्रकाशन और जनसंपर्क केंद्र स्थापित किया जा रहा है। यह केंद्र मौजूदा 'मीडिया और जनसंपर्क कार्यालय' का स्थान लेगा। इस प्रस्ताव को माननीय कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में आयोजित कार्य परिषद् की बैठक में स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि विद्यार्थियों, अभिभावकों, पुरातन छात्रों, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालयों सहित दुनिया भर के विभिन्न स्टेकहोल्डर्स के साथ संवाद करने के लिए सूचना, प्रकाशन और जनसंपर्क केंद्र को एक प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया जाएगा। यह केंद्र सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ बेहतर संवाद एव विमर्श स्थापित करने की दिशा में कार्य करेगा।

इस केन्द्र के माध्यम से विश्वविद्यालय में अध्ययनरत लगभग 20,000 विद्यार्थियों के साथ साथ तीन जिलों गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर में फैले विश्वविद्यालय से संबद्ध 300 से अधिक महाविद्यालयों में नामांकित लगभग 2.5 लाख विद्यार्थियों के साथ संवाद और महत्त्वपूर्ण जानकारियों की आसान पहुंच सुनिश्चित किया जाएगा।
ये कार्य करेगा सूचना, प्रकाशन और जनसंपर्क केंद्र
केंद्र विश्वविद्यालय के आधिकारिक मुखपत्र के रूप में कार्य करेगा और विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, अभिभावकों, बौद्धिक वर्ग और मीडियाकर्मियों के लिए विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और अनुसंधान संबंधी जानकारी के आधिकारिक केन्द्र के रूप में कार्य करेगा।
साथ ही उच्च शिक्षा से जुड़े संस्थानों और अन्य स्टेकहोल्डर्स के साथ प्रभावी संवाद के लिए केंद्र वर्ष में तीन बार न्यूजलेटर प्रकाशित करेगा। केन्द्र समाज में विश्वविद्यालय के प्रामाणिक और विश्वसनीय प्रतिनिधित्व के लिए विश्वविद्यालय और समाचार पत्र के प्रतिनिधियों के बीच संपर्क स्थापित करेगा।
विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं अन्य प्रकाशन की जिम्मेदारी
विश्वविद्यालय के आयोजनों, प्रवेश एवं छात्र संबंधी महत्वपूर्ण घोषणाओं, उपलब्धियों आदि के संबंध में कार्यालय से प्रेस विज्ञप्ति जारी करने के साथ ही समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचारों का संकलन और रिकॉर्ड का रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा। केन्द्र द्वारा विश्वविद्यालय की आधिकारिक जानकारियों जैसे वार्षिक रिपोर्ट, निर्देशिका, दीक्षांत समारोह कार्यक्रम के लिए निमंत्रण, प्रगति रिपोर्ट, आदि के प्रकाशन में सहायक होगा।
सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर विश्वविद्यालय की पहुंच को मजबूत करने के लिए ट्विटर, फेसबुक और विश्वविद्यालय के अन्य सोशल मीडिया खातों का प्रबंधन एवं संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
ऐसी होगी केन्द्र की संरचना
सूचना, प्रकाशन एवं जनसंपर्क केंद्र में विश्वविद्यालय के स्थायी शिक्षकाें में से कुलपति द्वारा नामित एक निदेशक, एक उप/सहायक निदेशक तथा 03 अन्य सदस्य होंगे।निदेशक विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवक्ता होंगें।
मीडियाकर्मियों के कार्यों में सहायता करेगा केंद्र
यदि कोई मीडियाकर्मी विश्वविद्यालय के किसी शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी या अधिकारियों का साक्षात्कार, ऑडियो या वीडियो रिकॉर्डिंग और परिसर की अन्य गतिविधियों की जानकारी चाहता है तो सूचना, प्रकाशन एवं जनसंपर्क केंद्र के पदाधिकारी उनकी मदद करेंगे। साथ ही विश्वविद्यालय के छात्रों, शिक्षकों और पदाधिकारियों को मीडिया वार्ता के सम्बन्ध में केन्द्र के निदेशक या उप निदेशक को सूचित किया जाना आवश्यक होगा।












Click it and Unblock the Notifications