UP: प्रधानमंत्री पुरस्कार से सम्मानित IAS अनिल ढींगरा ने संभाला गोरखपुर मंडलायुक्त का कार्यभार
Gorakhpur News: 2008 बैच के आईएएस अधिकारी अनिल ढींगरा अब गोरखपुर के नए कमिश्नर होंगे। उन्होंने मंगलवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया है। डीएम अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा और समर्पण के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार से सम्मानित हो चुके हैं। यहां के कमिश्नर रवि कुमार एनजी का तबादला ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ के पद पर हुआ है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं को धरातल पर लाने के साथ ही उन्हें जन- जन तक पहुंचाने का काम सुनिश्चित किया जाएगा। सरकार की योजना का लाभ पात्र को मिले इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।

अनिल ढींगरा मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले हैं। इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से एमबीए भी किया है। उनकी पहली पोस्टिंग ज्वाइंट मजिस्ट्रेट फर्रुखाबाद के रुप में थी। इसके बाद उन्हें रामपुर का सीडीओ बनाया गया। रामपुर में ही वह जिलाधिकारी रहे। उन्हें विशेष सचिव वाणिज्यिक की जिम्मेदारी भी दी गई। इसके बाद वह मिर्जापुर, अयोध्या, मेरठ और हापुड़ के डीएम बने। वित्त विभाग में उन्होंने विशेष सचिव और आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
अनिल ढींगरा को मेरठ में डीएम रहते हुए किये गए अच्छे कार्यों के लिए 15वें सिविल सर्विसेज दिवस के अवसर पर दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पुरस्कार से पुरस्कृत किए गए थे। उन्होंने मेरठ में केंद्र की ऋण योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू कराया था।












Click it and Unblock the Notifications