Diwali पर दहला यूपी का गोंडा, पटाखों के धमाके में जमींदोज हुआ मकान, महिला की मौत
उत्तर प्रदेश के गोंडा में दिवाली के दिन बड़ा हादसा हो गया। नवाबगंज कस्बे के संचरही मोहल्ले में जोरदार धमाके से दो मंजिला मकान जमींदोज हो गया। घटना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि मलबे में तीन लोग दबे थे। एक महिला की मौत हो गई, जो लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। एसएसपी शिवराज मौके पर पहुंच गए हैं।

पटाखों के धमाके में जमींदोज हुआ दो मंजिला मकान
नवाबगंज के संचरही मोहल्ले में आतिशबाज मोहम्मद सईद उर्फ बड्डे के घर सोमवार की सुबह जबरदस्त धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि सईद का दो मंजिला मकान जमींदोज हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों की मदद से सईद के बेटे को मलबे से निकालकर अस्पताल भेजा गया। इसके बाद सईद की पत्नी खैरून निशा (55) को मलबे से निकालकर अस्पताल भेजा गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सईद के घर पर रखा था पटाखों का जखीरा
दिवाली के दिन हुई इस दर्दनाक घटना से मोहल्ले में हड़कंप मचा हुआ है। लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चा हो रही है।बताया जा रहा है कि आतिशबाज सईद के घर पटाखों का बड़ा जखीरा रखा था। माना जा रहा है कि पटाखों में ही विस्फोट हुआ, जिससे मकान धराशाई हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications