BJP सांसद बृजभूषण ने प्रियंका को दिया कैसरगंज से चुनाव लड़ने का आमंत्रण, कहा- हमारा सम्मान बढ़ेगा
Gonda news, गोंडा। भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैसरगंज लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी निवर्तमान सांसद व प्रत्याशी बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को चैलेंज करते हुए कैसरगंज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का आमंत्रण दिया है। सांसद ने कहा कि प्रियंका के चुनाव लड़ने से कैसरगंज की जनता का सम्मान बढ़ेगा। भाजपा सांसद ने विपक्षी दलों को बेचारा कहते हुए कहा कि बनारस, लखनऊ व कैसरगंज लोकसभा सीट से विपक्षी दलों को उम्मीदवार ही नहीं मिल रहे हैं।

मोदी के लोकप्रियता से बौखला गए हैं विपक्षी दल
बृजभूषण शरण सिंह कैसरगंज लोकसभा सीट से भाजपा सांसद होने के साथ-साथ भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। बृजभूषण गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा की तरफ से कटरा बाजार में आयोजित एक जनसभा के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। सांसद ने कहा कि मोदी की लोकप्रियता से विपक्षी दल बौखला गए हैं। मोदी को हटाने के महागठबंधन बनाया गया है।

विपक्षी दलों को नहीं मिल रहे प्रत्याशी
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि विपक्षी पार्टियां नोएडा से देवरिया तक उम्मीदवार खोज रही हैं, लेकिन बनारस, लखनऊ व कैसरगंज में उन्हें प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं। कांग्रेस महासचिव के चुनाव लड़ने के बयान पर उन्होंने प्रियंका को कैसरगंज से चुनाव लड़ने का आमंत्रण देते हुए कहा कि प्रियंका के कैसरगंज से चुनाव लड़ने पर उनका कद तो बढ़ेगा ही साथ ही कैसरगंज की जनता का भी मान बढ़ेगा। जनसभा के मुख्य अतिथि रहे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान ने विपक्षी दलों पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस समेत अन्य राजनैतिक दल अपना आस्तित्व बचाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications