UP News: बुझ गए घर के चिराग! दादी-पोतों पर मधुमक्खियों का हमला, दोनों मासूमों की मौत
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक बेहद ही दुखद घटना हो गई। यहां दादी के साथ राशन की दुकान जा रहे दो बच्चों पर मधुमक्खी के छत्ते ने हमला कर दिया। इस हमले में दोनों बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दादी की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि शोर मचने पर ग्रामीणों ने पुवाल जलाकर जैसे-तैसे तीनों को मुक्त कराया, लेकिन इलाज के दौरान बच्चों ने दम तोड़ दिया।
दादी साथ राशन लेने जा रहे दोनों पोते
बता दें कि यह दुखद घटना गोंडा जिले के मनकापुर थाना के गांव मदनापुर की है। यहां के रहने वाले विश्वनाथ शुक्ला की 60 वर्षीय मां अपने दो पोतों, 7 वर्षीय युग और 5 वर्षीय योगेश के साथ पड़ोस के गांव खजूरी में राशन लेने जा रही थीं। तभी रास्ते में अचानक मधुमक्खियों के छत्ते ने उनपर हमला बोल दिया।

पुवाल जलाकर मधुमक्खियों को भगाया
चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और पुवाल जलाकर दो मासूम बेटों सहित वृद्ध महिला को मधुमक्खियों के हमले से मुक्त कराया। इसके बाद तीनों घायलों को गंभीर हालत में घर पहुंचाया गया। जहां कुछ ही समय में तीनों की स्थित गंभीर दिखने लगी। लेकिन जैसे ही लोग तीनो को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाने की कोशिश में थे कि 5 वर्षीय मासूम योगेश ने दम तोड दिया।
दोनों बेटों की मौत, दादी की हालत गंभीर
योगेश की मौत से गाँव में कोहराम मच गया। इसके बाद ग्रामीणों ने युग और विश्वनाथ शुक्ला की मां को मनकापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर दादी-पोता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन जिला अस्पताल जाते समय रास्ते में 7 वर्षीय युग ने भी दम तोड़ दिया। वहीं अस्पताल में दादी की हालत गंभीर बनी हुई है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
क्षेत्र पंचायत सदस्य जोगिंदर दुबे ने बताया कि विश्वनाथ शुक्ला दिल्ली में मेहनत मजदूरी करते थे। घर पर सास बहू और दोनों बच्चे रहते थे। विश्वनाथ शुक्ला के दो ही बेटे थे। दोनों की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना को लेकर पूरे गांव में मातम का माहौल है। उन्होंने बताया कि सूचना पर बच्चों के पिता घर पर पहुंच गए हैं। पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।












Click it and Unblock the Notifications