गोवा सरकार में मंत्री माइकल लोबों ने दिया इस्तीफा, BJP भी छोड़ी
पणजी, 10 जनवरी। गोवा में भाजपा सरकार में मंत्री और भाजपा विधायक माइकल लोबो ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। माइकल लोबो ने ना सिर्फ मंत्री पद बल्कि विधानसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। गोवा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले लोबो के इस फैसले को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। बता दें कि लोबो कालंगूट विधानसभा से विधायक थे, उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री कार्यालय और गोवा विधानसभा स्पीकर को सौंप दिया है। इस्तीफा देने के बाद लोबो ने कहा कि मैंने अपने दोनों ही पदों से इस्तीफा दे दिया है। भविष्य में क्या कदम उठाना है इसपर विचार करूंगा। मैंने भाजपा से भी इस्तीफा दे दिया है।

कयास लगाए जा रहे हैं कि माइकल लोबो कांग्रेस पार्टी में शामिल हो सकते हैं। वहीं जब इस बाबत उनसे यह सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह अन्य राजनीतिक दलों के साथ संपर्क में हैं। लोबो ने कहा कि वोटर्स ने मुझे बताया कि वह भाजपा से खुश नहीं हैं। यही नहीं जमीन से जुड़े कार्यकर्ता भी भाजपासे खुश नहीं हैं। बता दें कि चुनाव आयोग ने शनिवार को गोवा सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान किया था। गोवा में 14 फरवरी को विधानसभा चुनाव होना है। प्रदेश में भाजपा, कांग्रेस, गोवा फॉरवर्ड पार्टी,महाराष्ट्रवादी गोमंटक पा्टी, आम आदमी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, एनसीपी अहम राजनीतिक दल हैं, जो इस चुनाव में अपनी किस्मत आजमाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications