निर्दयी माँ: चंद रुपयों के लिए माँ ने तीन बच्चों को जहर देकर मार डाला, लोगों की कांप गई रूह
गाजीपुर में पति द्वारा 5000 रुपए न दिए जाने से नाराज निर्दयी माँ ने अपने तीन बच्चों को जहर देकर मार डाला, घटना के बाद उसके मायके और ससुराल में मातम पसरा हुआ है।
गाजीपुर, 17 अगस्त: गाजीपुर जिले में माँ की ममता को कलंकित करने वाली घटना के बाद महिला के ससुराल साईत बांध गांव तथा उसके मायके ढढनी भानमल राय गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। मंगलवार को महिला का पति बालेश्वर यादव घर पहुंचा तो उसके आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। तीनों मासूमों के शव से लिपटकर वाह खूब रोया, इस दौरान परिवार के लोग उसे संभालते नजर आए। मंगलवार को तीनों मासूमों के शव को गंगा नदी में प्रवाहित करते हुए उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना को लेकर गाजीपुर ही नहीं आसपास के जनपदों में तरह-तरह की चर्चा चल रही है।

महज 5 हजार रुपए के लिए 3 मासूमों को मार दी
परिजनों ने बताया कि सोमवार को सुनीता ने अपने पति बालेश्वर को फोन कर उससे पांच हजार रुपए मांगे। बालेश्वर द्वारा रुपए देने में असमर्थता जाहिर की गई। रुपए न मिलने से नाराज सुनीता ने अपने 10 वर्षीय बेटे हिमांशु, 8 वर्षीय बेटे प्रियांशु और 7 वर्षीय बेटी सुप्रिया को चाय में जहर मिला कर दे दी। गांव के लोगों का कहना है कि बच्चों के मरने के बाद सुनीता को अपने द्वारा किए गए कृत्य पर कोई पछतावा नहीं था।

बच्चों के शव से लिपटकर फूट फूट कर रोया पिता
पत्नी द्वारा बच्चों को जहर देकर मारने की सूचना मिलने के बाद उसका पति बालेश्वर मंगलवार को गुड़गांव से अपने ससुराल पहुंचा। पोस्टमार्टम के बाद तीनों मासूम बच्चों का शव भी घर आ चुका था। अपनी संतानों का शव देख कर पिता उनसे लिपट कर फूट-फूट कर रोने लगा। उसने कहा कि यदि मुझे इस बात का अंदाजा होता तो कर्ज लेकर या भीख मांग कर 5 हजार रुपए भेज दिया होता। बच्चों की मौत के बाद उनके शव लिपटकर पिता को रोते हुए जिसने भी देखा उसकी आंखें भर आईं।

बच्चों की अच्छी परवरिश के लिए गया था गुड़गांव
बालेश्वर का परिवार काफी गरीब है। साईत बांध गांव में एक जर्जर मकान है उसी में बालेश्वर की पत्नी बच्चे और बालेश्वर का छोटा भाई भी अपने परिवार के साथ रहता है। बच्चों की अच्छी परवरिश के लिए ही बालेश्वर गुड़गांव में जाकर प्राइवेट कंपनी में 10 हजार रुपए महीने की नौकरी करने लगा। जो पैसा मिलता था उसे खर्च किए बगैर वह अपनी पत्नी और बच्चों की परवरिश के लिए भेज देता था। बालेश्वर का छोटा भाई गांव में ही एक परचून की दुकान चलाता है। बच्चों की मौत के बाद बालेश्वर के छोटे भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर सुनीता को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications