Ghazipur News: काशीदास पूजन में मातम, हाईटेंशन तार से करंट लगने से 4 की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल
Ghazipur news: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में बुधवार सुबह काशीदास बाबा की पूजा की तैयारी के दौरान अचानक हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। गांव के लोग जब धार्मिक आयोजन की तैयारियों में जुटे थे, तभी एक हादसा ऐसा हुआ जिसने चार परिवारों को उजाड़ दिया।
मरदह थाना क्षेत्र के नरवर गांव में जैसे ही लोग मंडप निर्माण के लिए बांस गाड़ने लगे, एक बांस ऊपर से गुज़र रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। यह टकराव इतना खतरनाक साबित हुआ कि वहां मौजूद सात लोग करंट की चपेट में आ गए। देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई और लोग जमीन पर गिरने लगे।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पास के फातिमा अस्पताल, मऊ पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने रविंद्र यादव, अजय यादव, छोटेलाल और अमन यादव को मृत घोषित कर दिया। बाकी तीन लोगों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
बांस की ऊंचाई बनी जानलेवा
पूरे इलाके में 11 बजे से काशीदास बाबा का पूजन कार्यक्रम तय था। इसी के लिए सुबह-सुबह लोग बांस और मंडप की व्यवस्था में जुटे थे। तभी अनजाने में एक लंबा बांस बिजली के हाईटेंशन तार से टकरा गया और हादसा हो गया।
हाईवोल्टेज करंट का झटका इतना तेज था कि सात लोग एक साथ उसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि सब कुछ चंद सेकंड्स में हुआ और किसी को बचाव का मौका तक नहीं मिला।
मृतकों में पुलिस कांस्टेबल भी शामिल
इस हादसे में जान गंवाने वालों में रविंद्र यादव नाम के युवक की पहचान एक पुलिस कांस्टेबल के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात थे और इस समय उनकी पोस्टिंग आंबेडकर नगर जिले में थी।
इसके अलावा, छोटेलाल, अजय यादव और अमन यादव की भी मौत हो चुकी है। वहीं अमेरिका यादव, संतोष यादव और जितेंद्र यादव गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई महिलाओं के रोने-बिलखने की आवाज़ें दूर-दूर तक सुनाई देने लगीं। घायल लोगों को जब अस्पताल ले जाया गया, तो परिजनों की भीड़ भी वहां उमड़ पड़ी।
अस्पताल परिसर में भी लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हर कोई किसी चमत्कार की उम्मीद लगाए खड़ा था, लेकिन डॉक्टरों की घोषणा ने परिजनों के दिल तोड़ दिए।
जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे अफसर
हादसे की सूचना मिलते ही मरदह थाना, कासिमाबाद सीओ और एएसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और झुलसे लोगों को तुरंत अस्पताल भेजवाया।
इसके बाद एसडीएम मनोज कुमार पाठक ने भी मौके पर पहुंचकर जांच के आदेश दिए। उन्होंने लेखपाल को तत्काल रिपोर्ट बनाकर देने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
इस दर्दनाक हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।
सीएम योगी ने जिला प्रशासन से कहा है कि घायलों को तुरंत बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए और पीड़ित परिवारों को आवश्यक राहत दी जाए। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है।












Click it and Unblock the Notifications