Ghazipur News: सीएम योगी ने लिया गाजीपुर बस हादसे का संज्ञान, अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश
UP Ghazipur Bus Accident: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जनपद में सोमवार दोपहर में बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि बारातियों से भरी एक बस हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई। हाई टेंशन तार की चपेट में आने से बस में आग लग गई।
बस में सवार अधिकतर लोगों की जलकर मौत हो गई। घटना की जानकारी होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई है। सीएम योगी द्वारा अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है।

मौके पर राहत एवं बचाव करने के साथ ही घायलों को अस्पताल में पहुंचने के साथ-साथ उनके समुचित उपचार की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है। हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कामना की गई।
हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर मैसेज पोस्ट करते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख और घायलों के परिजनों को 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा की है। सीएम ने एक्स पर लिखा है कि " जनपद गाजीपुर में एक दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दु:खद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख एवं गंभीर रूप से घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता एवं उनके निःशुल्क उपचार के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"
इस हादसे में कितने लोगों की मौत हुई है यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। लेकिन, प्राथमिक सूचना अनुसार आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत होने की बात कही जा रही है। वहीं आसपास के लोगों द्वारा बताया जा रहा है कि मरने वालों की संख्या अधिक है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए हैं। ग्रामीणों की भीड़ को दूर हटाने के लिए पुलिसकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ रही है। यह भी कहा जा रहा है कि सवारियों के साथ ही बस में लगी सीटें और अन्य सामान भी जलकर राख हो गए हैं। ऐसे में बस में सवार कितने लोगों की मौत हुई है इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं हो पा रही है।












Click it and Unblock the Notifications