गाजीपुर: बहन की मोहब्बत से खफा भाई ने उसे बुरी तरह पीटा, हाथ-पैर बांधकर गंगा में फेंका
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में छोटी बहन की मोहब्बत भाइयों को नागवार गुजरी तो उन्होंने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। बाद में हाथ-पैर बांधकर गंगा में फेंक दिया। दोनों को ऐसा करते देख वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने देख लिया और दौड़कर दोनों भाइयों को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवती की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मामला गाजीपुर जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र का है। महिला अपनी बेटी और दो बेटों अविनाश, अभिषेक के साथ रहती है। महिला का पति बाहर नौकरी करता है। रविवार को महिला बेटी को घर पर छोड़कर मायके गई थी। इसी बीच घर में युवती के साथ युवक को देख पड़ोसियों ने मां व भाइयों को सूचना दी। भाइयों ने पहले तो युवक को पकड़ना चाहा लेकिन वह बचकर भाग निकला। इसके बाद मां के घर लौटने पर 15 वर्षीय बहन को मारपीट कर अधमरा कर दिया।
आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि मां के कहने पर दोनों भाइयों ने देर शाम बहन को ऑटो से भरौली पुल पर ले गए, हाथ-पांव बांधकर गंगा में फेंक दिया। उन्हें ऐसा करते देखकर ग्रामीणों ने दबोच लिया और पुलिस को फोन किया। सूचना पर पहले बलिया पुलिस पहुंची लेकिन घटनास्थल बिहार का होने की वजह से बक्सर पुलिस को बुलाया गया। बक्सर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। गोताखोरों से युवती की तलाश कराई गई, लेकिन धारा के बहाव में वह लापता हो गई।












Click it and Unblock the Notifications