Video: पिता ने डांटा तो चौथी मंजिल पर चढ़ गई छात्रा, कूदने ही वाली थी कि पहुंच गए ACP, ऐसे बचाई जान
गाजियाबाद में 10वीं की एक छात्रा कूदने के इरादे से चौथी मंजिल यानी करीब 50 फीट ऊपर चढ़ गई। गनीमत रही कि सूचना पर तत्काल पुलिस बल समेत ACP स्वतंत्र कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए और उन्होंने अपनी सूझ-बूझ से छात्रा को समझा बुझाकर नीचे उतार लिया। बताया जा रहा है कि कुछ ही दिन पहले छात्रा की माँ की मौत हुई थी, जिससे वह काफी डिस्टर्ब चल रही थी।
सुसाइड के इरादे से चौथी मंजिल पर चढ़ी छात्रा
बता दें कि पूरा मामला गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अभय खंड इलाके का है। गुरुवार शाम 6 बजे पुलिस को सूचना मिली कि यहां एक हाउसिंग सोसाइटी की चौथी मंजिल पर छात्रा चढ़ गई है। वो बार-बार कूदने की धमकी दे रही है। जिसके बाद इंदिरापुरम थाना की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई।

इस दौरान बिल्डिंग के नीचे लोगों की भीड़ लग गई थी। लोग उसे बहुत समझाने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन, वह किसी की बात सुनने को राजी नहीं थी। इसी बीच सूचना मिलते ही ACP स्वतंत्र कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए और बराबर वाली बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर चढ़ गए।
ACP की सूझबूझ से बची युवती की जान
ACP ने बताया कि "युवती और मेरे बीच सिर्फ 10 मीटर का फासला था। यहां से मैंने युवती की काउंसिलिंग शुरू कर दी। मैंने उससे कहा, मैं यहां का ACP हूं, स्वतंत्र कुमार सिंह मेरा नाम है। आप कितने भाई-बहन हो? युवती ने बताया, मैं चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर की हूं।"
इसके बाद ACP ने युवती से कहा कि "आज राखी है न। तू मुझे राखी बांध, मैं तेरा भाई हूं, मैं तुझे सपोर्ट दूंगा। तुझे पढ़ाई में या कहीं सपोर्ट चाहिए, मैं करूंगा। पापा कुछ नहीं कहेंगे।" काफी मशक्कत के बाद आखिरकार युवती मान गई और चौथी मंजिल से नीचे उतर आई। नीचे उतरते ही लड़की बेहोश हो गई।
पिता ने पढाई के लिए डांटा था
जानकारी अनुसार, छात्रा दिल्ली के स्कूल में 10वीं क्लास में पढ़ती है। पिछले दिनों छात्रा की मां की मौत हो चुकी है। जिसके बाद ये वो थोड़ा डिस्टर्ब चल रही थी। पढ़ाई के लिए पिता ने उसको डांट दिया था। गुस्से में छात्रा सुसाइड करने चौथी मंजिल पर चढ़ गई थी। फिलहाल, पुलिस ने छात्रा के पिता को समझा दिया है। घरवालों को हिदायत दी है कि ऐसा कोई भी विवाद न होने पाए, जिससे कि परिवार में ऐसी नौबत दोबारा हो।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications