गाजियाबाद में बारिश की वजह से पानी में उतरा करंट, 5 लोगों की मौत
गाजियाबाद, 01 सितंबर: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बुधवार की सुबह तेज बारिश की वजह से बड़ा हादसा हो गया। सिहानीगेट थाना क्षेत्र के राकेश मार्ग इलाके में पानी में करंट उतर आया। बताया जा रहा है कि बारिश की वजह से बिजली का तार टूटकर पानी में गिर गया था। करंट की चपेट में आकर 5 लोगों की झुलसकर मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चियां भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। साथ ही दिवंगत आत्मा की शान्ति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को इस दुर्घटना के कारणों की जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

खंभे में उतरा करंट, चपेट में आकर 5 लोगों की मौत
गाजियाबाद के एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि सिहानी गेट थाना क्षेत्र के राकेश मार्ग इलाके में पान सिंह पैलेस के पास एक घर के बाहर शेड पड़ा था। इसके लिए लोहे के खंभे लगे थे। बारिश की वजह से खंभे पर करंट उतर आया। एक दूसरे को बचाने के चक्कर में पांच लोग झुलस गए। घटना के बाद आसपास के लोग पांचों को लेकर अस्पताल गए, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में मां, बेटी समेत चार लोग शामिल हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, मृतकों के नाम जानकी, लक्ष्मी और दो बच्ची सुबी और सिमरन हैं। एक अन्य शख्स का अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसपी सिटी ने बताया कि करंट फैलने के कारणों की जांच की जा रही है। वायरिंग से करंट फैलने की संभावना है। बता दें, मौसम विभाग ने दिल्ली और एनसीआर के लिए तेज बारिश और बिजली कड़कने का अलर्ट भी जारी किया है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद में आगे भी तेज बारिश का अनुमान है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, लोनी देहात, इंदिरापुरम, हिंडन और गाजियाबाद में भी सुबह से ही घने बादलों के बीच बारिश का क्रम जारी है।












Click it and Unblock the Notifications