चोरों के घर चोरी: Delhi में चोरी कर कमाए 3.60 लाख, Ghaziabad में पुलिसकर्मियों ने लगा दिया चूना
उत्तर प्रदेश के दिल्ली एनसीआर क्षेत्र से एक अनोखा मामला सामने आया है। दरअसल, गाजियाबाद पुलिस के दो सिपाही गिरफ्तार हुए हैं। आरोप ये है कि इन्होंने दो बदमाशों से 3.60 लाख रुपए लूट लिए। जी हाँ, आपने सही सुना कि बदमाशों को पुलिस ने लूट लिया। बताया जा रहा है कि ये बदमाश दिल्ली के एक घर में चोरी करने के बाद गाजियाबाद में जूते खरीदने गए थे, जहां ये आरोपी सिपाहियों के हत्थे चढ़ गए और उन्होंने चोरों को ही लूट लिया।
दिल्ली में की थी चोरी
आपको बता दें कि इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब ये बदमाश दिल्ली में पकड़े गए। दरअसल, दिल्ली के भजनपुरा इलाके में 25 मई की रात आलोक शर्मा नामक व्यक्ति के घर में चोरी हुई। इसमें बदमाश अलोक के घर से 3 लाख 60 हजार रुपए लेकर चंपत हो गए। जिसके बाद 19 जुलाई को दिल्ली पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद जब रकम बरामदगी के लिए उनसे पूछताछ हुई तो आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया।

गाज़ियाबाद में खुद लूट गए लूटेरे
बदमाशों ने बताया कि वे चोरी करने के अगले दिन यानि 26 मई को जूते खरीदने के लिए गाजियाबाद के शालीमार गार्डन इलाके में आए थे। इस दौरान उनकी दुकानदार से कुछ कहासुनी हो गई। जिसके बाद शालीमार गार्डन थाने पर तैनात कांस्टेबल धीरज चतुर्वेदी और इंद्रजीत मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इन दोनों ने मामला रफा-दफा करने के नाम पर बदमाशों से 3 लाख 60 हजार रुपए लूट लिए और फर्जी मुकदमे में जेल भेजने की धमकी देकर उन्हें वहां से भगा दिया। वहीं दिल्ली पुलिस के इनपुट पर इन दोनों कांस्टेबलों की गिरफ्तारी हुई है। आज इन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications