बाइक को बना दिया '7 सीटर कार', गाजियाबाद में युवकों ने उड़ाई नियमों की धज्जियां, पुलिस ने लिया ये एक्शन
गाजियाबाद, 05 अगस्त: पुलिस की लाख कोशिशों और कार्रवाई के बावजूद लोग ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने से बाज नहीं आ रहे हैं। राजधानी दिल्ली से सटे यूपी के नोएडा और गाजियाबाद ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। अब एक बार फिर गाजियाबाद का एक वीडियो वायरल हुआ है। एक बाइक पर एक, दो नहीं बल्कि 7 युवक सवार होकर जा रहे थे। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए 24 हजार रुपए का चालान काटा है।

खुलेआम उड़ाई ट्रैफिक नियमों की धज्जियां
मामला गाजियाबाद के विजय नगर थाना इलाके के प्रताप विहार रोड का बताया जा रहा है। एक बाइक पर सात युवक सवार होकर सड़क पर मौज मस्ती करते रहे। युवक बाइक को बीच सड़क पर दौड़ाते रहे। युवकों ने खुलेआम ट्रैफिक रूल्स की धज्जियां उड़ाईं। बाइक के पीछे चल रहे एक अन्य बाइक सवार ने इन युवकों का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ एक्शन लिया है।

पुलिस ने काटा 24 हजार रुपये का चालान
एक बाइक पर सात युवकों के सवार होने का वीडियो वायरल होने पर गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने एक्शन लिया। ट्रैफिक रूल्स की धज्जियां उड़ाने पर पुलिस 24 हजार रुपए का चालान कर दिया। एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा के मुताबिक, बाइक का 24,000 रुपये का चालान किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने भी साफ कर दिया है कि बाइक को बाइक की तरह ही नियमों का पालन कर चलाया जाए और अगर इस तरह बाइक को 7 सीटर कार की तरह सवारियां बैठाकर चलाया जाएगा तो भारी आर्थिक जुर्माना भरना होगा।

दूसरे लोगों के लिए भी खतरा बनते हैं ऐसे लोग
मोटरसाइकिल पर दो लोगों के बैठने के लिए सीट होती है। यातायात नियमों के मुताबिक बाइक पर दो से अधिक लोग बैठना नियमों के विपरीत है। ऐसा करने पर जुर्माना भरना पड़ सकता है। हालांकि, इसके बाद भी लोग नियमों का उल्लंघन करने से नहीं चूकते हैं। ऐसे लोग अपने साथ-साथ सड़क पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों के लिए भी खतरा साबित होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications