गाजियाबादः चीन से लौटी छात्रा को कोरोना वायरस के चलते निगरानी में रखा गया, रिपोर्ट का इंतजार
गाजियाबाद। चीन समते कई देशों में कोरोना वायरस का कहर देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में भारत के तमाम हवाई अड्डों पर चीन से आने वाले यात्रियों का खास ध्यान रखा जा रहा है। ताजा मामला गाजियाबाद जिले का है, जहां बीजिंग में पढ़ाई कर रही युवती के गाजियाबाद आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम कोरोना वायरस की जांच पहुंची। हालांकि जांच में वायरस की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन एहतियात के तौर पर युवती की दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में जांच कराई गई।

ट्रैवल हिस्ट्री होने के कारण एहतियात के तौर पर उसका ब्लड सैंपल लिया गया है, जिसका रिपोर्ट आने में तीन दिन लगेगा। युवती का परिवार दिल्ली के मयूर विहार इलाके में रहता है। युवती 20 जनवरी को दिल्ली आई थी। दो दिन पूर्व वह अपने भाई के घर इंदिरापुरम आ गई थी। जिला मलेरिया अधिकारी जी के मिश्रा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवती के इंदिरापुरम स्थित घर पहुंचकर होम आईसोलेशन की सलाह देने के साथ ही एन-95 मास्क भी उपलब्ध कराए हैं।
गाजियाबाद के चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. एनके गुप्ता ने कहा कि उन्हें जैसे ही महिला के बारे में सूचना मिली उसके बाद लखनऊ से टीम रवाना हुई और महिला के फ्लैट पर जाकर जांच पड़ताल की गई। हालांकि उनको अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया। महिला ने दर्द और बुखार की शिकायत की थी। सावाधानी के तौर पर महिला को उनके फ्लैट में ही निगरानी पर रखा गया है। उनका टेस्ट सैंपल राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया है।












Click it and Unblock the Notifications