गुजरात: किसानों के खतरनाक 'दुश्मन' को भगाने में लगे शिक्षक और छात्र, देखिए वीडियो
गांधीनगर. उत्तर गुजरात में इन दिनों टिड्डियां कहर बरपा रही हैं। 2019 की शुरूआत से ही टिड्डियों के दल पाक की तरह से राजस्थान-गुजरात राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में पहुंचते रहे हैं। सरकार ने जब हजारों हेक्टेयर फसलों पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया, तो टिड्डी दल में कमी आई। हालांकि, कुछ ही महीनों बाद फिर टिड्डियां आने लगीं। अब बनासकांठा, साबरकांठा, महेसाणा और पाटणं जिलों में कोहराम मचा हुआ है। 10 हजार एकड़ से ज्यादा भूमि पर फसलें तबाह हो गईं। किसानों को कोई उपाय नहीं सूझ रहा। तमाम कोशिशों के बावजूद टिड्डियां फसलों को चट किए जा रही हैं। ऐसे में गुजरात से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें स्कूल के बच्चे और शिक्षक टिड्डियों का भगाने का प्रयास कर रहे हैं।

संवाददाता के अनुसार, बनासकांठा के दांता में टिड्डियों से निपटने का काम शिक्षकों को प्रशासन ने ही सौंपा है। जिन गांव-कस्बों से लाखों टिड्डियों के दल गुजर रहे हैं, वहां कृषि विभाग बेबस लग रहा है। किसानों के अलावा स्कूलों के शिक्षक और विद्यार्थी भी टिड्डियों को भगाने में जुटे हुए हैं। वायरल हुए वीडियो में आप देख सकते हैं कि थालियां बजाते हुए कैसे टिड्डियों को भगाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि राज्य सरकार की ओर से ही शिक्षकों को कहा गया है कि वे खेतों में जाकर टिड्डी दल को भगाएं। हालांकि, इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। बहरहाल, कई इलाकों में शिक्षक इस काम में लगे हैं। वे छात्रों को लेकर खेतो में जा रहे हैं और थालियां बजाकर टिड्डियों को भगाने का प्रयास कर रहे हैं। लाखों टिड्डियों के झुंड पर उनकी कार्रवाई का कोई असर नहीं दिख रहा। किसान कहीं ढोल, थाली और डीजे बजा रहे हैं, तो कुछ इलाकों में बंदूक, आग व धुआं से भी टिड्डी भगाने का काम किया जा रहा है।
पढ़ें: पाकिस्तान की तरफ से गुजरात पर Locust अटैक, 26 साल बाद किसानों को दिखाई दिए 'घुसपैठिया'












Click it and Unblock the Notifications