सोनिया बोलीं- पीड़ित मोदी नहीं, जनता है; राहुल ने कहा- भाजपा को हराना सबसे बड़ी कुर्बानी
Gujarat News in hindi, गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपाध्यक्ष अमित शाह के गृह राज्य गुजरात में कांग्रेस कार्यसमिति की मीटिंग (CWC Meeting) के दौरान सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी शामिल हुए। मीटिंग में कांग्रेसी सदस्यों को केंद्र की सत्ता से मोदी को हटाने का संकल्प दिलाया गया। सोनिया गांधी ने कहा, मोदी अपने हितों के लिये देश में राजनीति कर रहे हैं। वो अपने आपको पीड़ित बताते हैं, भावनाओें को भड़काते हैं..लेकिन पीड़ित मोदी नहीं, इस देश के लोग हैं।''

राहुल बोले- भाजपा को हराना सबसे बड़ी कुर्बानी
मां के सुरों में सुर मिलाते हुए राहुल गांधी ने कहा, ''भारत में भाजपा को हराना सबसे बड़ी कुर्बानी है। आरएएस, बीजेपी की नफरत की विचारधारा को हराने से बड़ा और कोई बलिदान नहीं हो सकता।''
''नरेंद्र मोदी खुद को चौकीदार कहते हैं। भाइयों इस बार मोदी को प्रधानमंत्री नहीं बनाएं, उन्हें चौकीदार ही बनाएं।'' राहुल के इतना कहते ही कांग्रेसियों ने 'चौकीदार चोर है..' के नारे लगाए। वहीं, राहुल ने राफेल का जिक्र करते हुए नरेंद्र मोदी पर घोटाले के आरोप भी लगाए।

प्रियंका बोलीं- सरकार संप्रग की ही बनेगी
वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सदस्यों को भरोसा देते हुए कहा कि इस बार संप्रग की सरकार ही बनेगी। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी कांग्रेस वर्किंग कमेटी में बोले। मनमोहन ने कहा कि इस समय लोगों को यूपीए सरकार की उपलब्धियां बताने की जरूरत है। मौजूदा मोदी सरकार झूठा प्रचार कर रही है। उनकी नीतियों की वजह से अर्थव्यवस्था गिर गई। अब इन्हें मौका नहीं मिलना चाहिए।''

फायदे के लिए आतंकी हमलों पर राजनीति होती है: सोनिया
सोनिया गांधी ने अपने संबोधन में पुलवामा में आतंकवादी हमले का उल्लेख करते हुए कहा कि अपने राजकीय लाभ लेने के लिए आतंकवादी हमलों में राजनीति की जाती है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा यही करती आ रही है।'' बता दें कि पार्टी की बैठक के दौरान पुलवामा आतंकवादियों के शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी गई। इसके बाद सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मनमोहन सिंह और आनंद शर्मा सीधे भाषण देने लगे। उन्होंने अपने-अपने तरीके से नफरत और गुस्से की राजनीति को खत्म करने की बातें कहीं। लोकसभा चुनाव जीतने की रणनीति पर भी जोर दिया गया।

'मोदी की सरकार देश में विकास के लिए झूठ फैला रही'
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा, ''यूपीए सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है, क्योंकि यूपीए सरकार ने एनडीए सरकार से बेहतर काम किया है। मोदी सरकार की खराब आर्थिक नीति के कारण आज देश की अर्थव्यवस्था ध्वस्त हो गई है। मोदी की सरकार देश में विकास के लिए झूठ फैला रही है। मोदी सरकार ने नोटबंदी और बिना सोचे समजे जीएसटी लगाकर देश की जनता की परेशानियां बढाई है।'

कांग्रेस देश को एक अच्छी सरकार देगी: आनंद शर्मा
सीडब्ल्यूसी की बैठक के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि हमारी कार्यसमिति की बैठक के दौरान, लोकसभा चुनावों पर चर्चा की गई है। कांग्रेस देश को एक अच्छी सरकार देगी। भाजपा लोकतंत्र को नहीं समझ सकती। लोकतंत्र में देश के प्रत्येक नागरिक को संरक्षित और इसके हकदार होने चाहिए।'

'किसानों को धोखा देने का काम किया'
आनंद ने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी लोगों की भावना से खेल रहे हैं। वे लोगों के विवेक पर सवाल उठाते है। गुजरात महात्मा गांधी और सरदार पटेल की भूमि है। हमने यही फैसला किया है कि केंद्र से मोदी सरकार को दूर करेगें। किसानों के मुद्दे पर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी सरकारों में किसानों के कर्ज माफ किए हैं, जबकि भाजपा ने किसानों को धोखा देने का काम किया है। भाजपा की मोदी सरकार ने देश में संस्थागत संस्थानों को बर्बाद कर दिया है।'

'मोदी 5 सालों में रोजगार के वादे पूरा नहीं कर पाए'
बकौल आनंद, ''बेरोजगारी आज सबसे बड़ी समस्या है। मोदी ने रोजगार के अवसरों का वादा किया पर 5 सालों में वह पूरा नहीं कर पाए हैं। देश में महिलाओं की सुरक्षा एक सवाल है। कांग्रेस पाकिस्तान के अप्रत्याशित इरादों की अनुमति नहीं देगी। हम सभी धर्मों और जातियों के लोगों की रक्षा करना चाहते हैं।''
''भाजपा सरकार के बाद देश में राजनीतिक संबंधों में कटुता आई है। मोदी ने बापू के भारत की जगह एक अलग भारत बनाया है। गांधीजी के सपनों का भारत कुछ औऱ है। वह वोट के लिए राजनीति कर रहे हैं। RBI और CBI जैसी संस्थानों का भी मोदी दुरुपयोग कर रहे हैं।''

'राजनीति की बदहाली के लिए केवल मोदी एनडीए जिम्मेदार'
आनंद ने आगे कहा, 'भाजपा सरकार लोगों की भावना को भड़काती है। मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को बाधित किया है। राजनीति की बदहाली के लिए केवल मोदी और उनकी एनडीए सरकार जिम्मेदार हैं।''
कांग्रेस की इस बैठक के दौरान पाटीदार नेता हार्दिक पटेल भी मौजूद रहे। कांग्रेस में शामिल होने से पहले उन्होंने कांग्रेस के विभिन्न नेताओं ने सरदार भवन में मुलाकात की।












Click it and Unblock the Notifications