World Records: सबसे लंबा डोसा ही नहीं, भारत में खाने से जुड़े कई हैं गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
World Records: एमटीआर फूड्स ने 123 फीट लंबा डोसा बनाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। उन्होंने इस डोसा को बनाने में 75 किलो बैटर का इस्तेमाल किया और तैयारी के दौरान तवे के एक तरफ 15 और दूसरी तरफ 16 शेफ खड़े रहे।
एमटीआर फूड्स ने यह रिकॉर्ड उनकी बेंगलुरु की बोम्मासंद्रा फैक्ट्री में बनाया, जिसमें 75 लोगों की टीम शामिल थी। 123 फीट लंबा यह डोसा एमटीआर ने अपने 100 साल पूरे होने का जश्न में बनाया। लेकिन यह अकेला गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड नहीं है जो भारत में बना है और खाने से जुड़ा है। इसके अलावा भी ऐसे कई विश्व रिकॉर्ड भारत में बन चुके हैं।

सबसे बड़ी बिरयानी डिश
सबसे बड़ी बिरयानी डिश का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड 1 मार्च, 2008 को दिल्ली में कोहिनूर फूड्स लिमिटेड द्वारा बनाया गया था। इस डिश का वजन 14.060 टन था और इसे 2,994 किलो चावल, 85 किलो मिर्च, 1,400 लीटर तेल और 3,650 किलो सब्जियों के साथ तैयार किया गया था।
इस बिरयानी को बाद में दिल्ली और उसके आसपास के अनाथालयों में बांटा गया था। इसके अलावा, बिरयानी चखने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड 2 जुलाई, 2023 को दिल्ली में 'दावत' द्वारा बनाया गया था, जिसमें 365 लोगों ने लखनऊ बिरियानी, कोलकाता बिरियानी और हैदराबाद बिरयानी का लुफ्त उठाया था।
खिचड़ी की सबसे बड़ी सर्विंग
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाली खिचड़ी की सबसे बड़ी सर्विंग का वजन 918 किलो था। यह रिकॉर्ड हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और सेलिब्रिटी शेफ संजीव कपूर सहित विभिन्न संस्थाओं द्वारा मिलकर बनाया गया था, जिनमें से प्रत्येक ने अलग-अलग मात्रा में खिचड़ी तैयार की थी। यह रिकॉर्ड तोड़ने वाला कार्यक्रम 'वर्ल्ड फूड इंडिया 2017' में हुआ था, जब खिचड़ी को लाइव दर्शकों के सामने एक खास तरह की कढ़ाई में तैयार किया गया था। इस खिचड़ी को चावल, मूंग, अमरंथ, ज्वार, बाजरा, जौ और भारतीय मसालों का इस्तेमाल करके तैयार किया गया था।
सबसे बड़ी रोटी
दुनिया की सबसे बड़ी रोटी बनाने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी भारत में ही है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के मुताबिक, सबसे बड़ी रोटी का वजन 145 किलो है और इसे 22 सितंबर, 2012 को दगडू सेठ गणपति सार्वजनिक महोत्सव द्वारा जामनगर में बनाया गया था। इस रोटी को 3 मीटर × 3 मीटर के तवे पर बनाया गया था। हालांकि, अब आपको यह बता दे कि नवंबर 2023 में यह रिकॉर्ड राजस्थान के भीलवाड़ा के कैलाश सोनी ने तोड़ दिया है। उन्होंने 185 किलो की दुनिया की सबसे भारी रोटी बनाई, लेकिन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में उनका नाम शामिल नहीं हुआ, बल्कि इंटरनेशनल बुक ऑफ़ रिकार्ड्स में शामिल हुआ।
सबसे बड़ा डोसा
नवंबर 2014 में 53 फीट लंबा डोसा का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अहमदाबाद की रेस्टोरेंट चैन 'संकल्प ग्रुप' द्वारा बनाया गया था, जो उस समय पर सबसे बड़ा डोसा था। उन्होंने 80 किलो आटा, 30 किलो शुद्ध घी और 300 किलो कुकिंग गैस का उपयोग करके केवल 10 मिनट में 53 फीट लंबा डोसा तैयार करके अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया था। यह डोसा 32 शेफ की टीम द्वारा बनाया गया था। इससे पहले संकल्प ने 1997 में 25 फीट और 2006 में 32 फीट लंबा डोसा भी बनाया था। हालांकि, अब यह रिकॉर्ड एमटीआर ग्रुप ने 123 फीट लंबा डोसा बनाकर तोड़ दिया है।
दुनिया का सबसे बड़ा लड्डू
दुनिया में अकेले व्यक्ति द्वारा सबसे बड़े लड्डू बनाने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भारत के पीवीवीएस मलिकार्जुन राव के नाम है। इस लड्डू का वजन 29,465 किलो था और इसे 6 सितंबर, 2016 को आंध्र प्रदेश के तपेश्वर में बनाया गया था। यह लड्डू पारंपरिक बूंदी रेसिपी के साथ बनाया गया था जिसमें घी, रिफाइंड ऑयल, काजू, चीनी, बादाम, इलायची, और पानी जैसी सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। यह लड्डू 78 फीट ऊंची भगवान गणेश की मूर्ति के लिए बनाया गया था और इसे बनाने में लगभग ₹50 लाख की लागत आई थी।
दिल के आकार का सबसे बड़ा वेजिटेबल मोजे़क
एपिकॉन और रैनबैक्सी ने एसोसिएशन ऑफ फिजिशियंस ऑफ़ इंडिया (APICON) के 69वें वार्षिक सम्मेलन के दौरान लगभग 5,166 वर्ग फीट का दिल के आकार का वेजिटेबल मोजे़क बनाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। यह मोजे़क जापान के 'इनामी टाउन' में बनाए गए पिछले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए दुनिया का सबसे बड़ा दिल के आकार का वेजिटेबल मोजे़क था। इस मोजे़क को बनाने के पीछे अपने रोज के खाने में सेहतमंद सब्जियों को बढ़ावा देना था। रिकॉर्ड बन जाने के बाद इस मोजे़क में इस्तेमाल की गई सब्जियों को जरूरतमंदों में बांट दिया गया था।
सबसे लंबी ब्राउनी
सबसे लंबी कवर वाली ब्राउनी बनाने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड 223.16 मीटर (732 फीट 1 इंच) का है और इसे केरल के कन्नूर के कोचीन बेकरी और ब्राउनीज़ बेकरी ने मिलकर बनाया था। आपको बता दे कि ये दोनों बेकरी लगभग 140 साल पुरानी है। इस रिकॉर्ड तोड़ने वाली ब्राउनी को 26 मार्च, 2023 को केरल के एक फुटबॉल स्टेडियम में पेश किया गया था। ब्राउनी को शुद्ध सामग्री का उपयोग करके तैयार किया गया था, जिसमें पिघली हुई चॉकलेट और काजू के साथ एक क्लासिक ब्राउनी का स्वाद था। इस ब्राउनी को बनाने में पूरा एक दिन लगाया गया।
सबसे ज्यादा समय खाना पकाने का रिकॉर्ड
नागपुर के एक शेफ विष्णु मनोहर ने लगातार 53 घंटे तक खाना बना कर सबसे लंबे समय तक खाना पकाने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। मनोहर ने यह रिकॉर्ड अप्रैल 2017 में बनाया था। मनोहर ने 15 शेफ की मदद से एक साथ आठ स्टोव का उपयोग करके 750 से अधिक व्यंजन तैयार किए थे। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के नियमों के अनुसार, उन्हें खाना पकाने के हर 2 घंटे के बाद 5 मिनट का ब्रेक दिया गया था। मनोहर ने 53 घंटे कुकिंग करके अमेरिका के एक शेफ बेंजामिन पेरी का 40 घंटो तक लगातार खाना पकाने का 2014 का रिकॉर्ड तोड़ दिया।












Click it and Unblock the Notifications