Twitter पर अब सभी यूजर्स को मिलेगा Blue Tick, जानें क्या हैं फायदे
Twitter Blue Tick सर्विस लॉन्च हो गई है। इस सर्विस के लॉन्च होने के बाद सभी यूजर्स ब्लू-टिक वेरिफिकेशन के लिए अप्लाई कर सकेंगे। हालांकि, ट्विटर ने इसके लिए कुछ नियम बनाए हैं।

Twitter ने ब्लू टिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। पहले यह टिक केवल चुनिंदा यूजर्स को ही दिए जाते थे, जिनमें जर्नलिस्ट, राजनेता, सेलिब्रिटी, संस्थान आदि शामिल थे। हालांकि, माइक्रोब्लॉगिंग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने अपनी ब्लू टिक वेरिफिकेशन सर्विस को कई बदलाव के साथ लॉन्च किया है। कंपनी के इस बदलाव के बाद अब कोई भी ट्विटर ब्लू टिक वेरिफिकेशन ले सकता है। हालांकि, कंपनी अब इसके लिए यूजर्स से मंथली बेसिस पर सब्सक्रिप्शन चार्ज लेगी।
दुनिया के सबसे अमीर बिजनेसमैन एलन मस्क (Elon Musk) ने अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में ट्विटर को 44 बिलियन डॉलर (लगभग 3.4 लाख करोड़ रुपये) में खरीदा था। एलन मस्क ने ट्विटर की कमान संभालने के बाद इसमें कई बदलाव किए हैं, जिनमें ट्विटर ब्लू (Twitter Blue) भी एक है। पहले यह सुविधा चुनिंदा यूजर्स को फ्री में मिलती थी, लेकिन अब इसके लिए यूजर्स को हर महीने पैसे खर्च करने होंगे।
Twitter Blue Tick फीचर फिलहाल अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और ब्रिटेन के लिए जारी किया गया है। आने वाले कुछ महीनों में इस फीचर को भारत समेत दुनिया के अन्य देशों में भी लागू किया जाएगा।
लेना होगा मंथली सब्सक्रिप्शन
एलन मस्क ने पहले ट्विटर ब्लू (Twitter Blue) सब्सक्रिप्शन सर्विस को नवंबर में कुछ देशों में ट्रायल के तौर पर लॉन्च किया था, अब इसे आधिकारिक तौर पर रोल आउट किया गया है। ट्विटर ने Twitter Blue सर्विस को सभी के लिए लागू करने के साथ-साथ Twitter Gold सर्विस की भी घोषणा की है। ट्विटर ब्लू सब्सक्रिप्शन सर्विस कोई भी यूजर ले सकते हैं। इसके लिए एंड्रॉइड और वेब यूजर्स को हर महीने 8 डॉलर (करीब 640 रुपये) खर्च करने होंगे। वहीं, iOS यानी एप्पल यूजर्स को इसके लिए हर महीने 11 डॉलर (करीब 880 रुपये) खर्च करने होंगे।
इन्हें मिलेगा Golden Tick
ऐसे में संस्थान, एजेंसी और कंपनियों के लिए ट्विटर ने नया गोल्ड बैज यानी गोल्डेन टिक (Golden Tick) देना शुरू किया है। अब हर कंपनी या संस्थान के ट्विटर हैंडल पर गोल्डेन बैज दिखेगा। वहीं, इंडीविजुअल यूजर्स के अकाउंट्स पर ब्लू बैज (Blue Tick) दिखेगा। वहीं, आम यूजर्स यानी फ्री यूजर्स के ट्विटर हैंडल पर कोई भी बैज नहीं दिखेगा।
Twitter Blue और Twitter Golden Tick यूजर्स को कंपनी की तरफ से कुछ स्पेशल फीचर्स भी ऑफर किए जा रहे हैं। Twitter ने घोषणा की है कि ब्लू टिक यूजर्स को कई स्पेशल फीचर्स मिलेंगे, जिनमें प्रायरिटी रैंकिंग, ट्वीट एडिट फीचर, हाई क्वालिटी वीडियो अपलोड आदि शामिल हैं। आइए, जानते हैं इसमें मिलने वाले मुख्य फायदों के बारे में...
ट्विटर ब्लू यूजर्स को मिलेंगे ये स्पेशल फीचर्स
Twitter Blue Tick यूजर्स को बेहतर ट्विटर एक्सपीरियंस के लिए कस्टमाइज्ड फीचर्स मिलेंगे। कंपनी ने घोषणा की है कि ट्विटर ब्लू यूजर्स अपने बुकमार्क किए गए ट्वीट्स के लिए बुकमार्क फोल्डर बना सकेंगे। इसमें यूजर्स को ट्वीट बुकमार्क करने की कोई लिमिट नहीं होगी। यूजर्स अनलिमिटेड ट्वीट्स को बुकमार्क कर सकेंगे। इसके अलावा यूजर्स अपने ऐप आइकन को भी कस्टमाइज कर सकेंगे। ब्लू टिक यूजर के लिए ट्विटर ने एक रीडर फीचर भी लॉन्च किया है। यूजर्स किसी भी ट्विटर थ्रेड को बिना किसी परेशानी के पढ़ सकेंगे। बीच में कोई रिप्लाई उनको नहीं दिखेगा।
ट्विटर ब्लू टिक यूजर्स के लिए अनडू ट्वीट (Undo Tweet) फीचर भी लाया गया है, जिसमें यूजर्स अपने किसी ट्वीट को एडिट कर सकेंगे। इस फीचर के जरिए यूजर्स अपने किसी भी ट्वीट को भेजे जाने के बाद हटा सकते हैं या फिर एडिट कर सकते हैं। हालांकि, ट्विटर इसे एडिट बटन फीचर से अलग बता रहा है, इसमें यूजर्स किसी भी ट्वीट को पोस्ट करने से पहले रिवाइज कर सकेंगे या फिर उसका प्रिव्यू देख सकेंगे। जैसे ही अनडू पीरियड खत्म होगा, उसके बाद ही यूजर द्वारा भेजा गया ट्वीट सभी को दिखेगा। यही नहीं, ट्विटर ब्लू टिक यूजर्स अपने अकाउंट्स से 1080p रेजोलूशन के वीडियो अपलोड कर सकेंगे।
सभी यूजर्स को मिलेगा ट्विटर ब्लू
ट्विटर ने बताया कि ब्लू टिक वेरिफिकेशन सर्विस सभी के लिए है। हालांकि, नए ट्विटर यूजर्स को ब्लू टिक नहीं मिलेगा। इसके लिए कम से कम यूजर का अकाउंट 90 दिन पुराना होना चाहिए। जिन यूजर्स का अकाउंट पहले से ही ब्लू टिक वेरिफाइड है, उन्हें मंथली सब्सक्रिप्शन के लिए ट्विटर नोटिफिकेशन भेजेगा। जो यूजर्स ब्लू टिक को जारी करना चाहेंगे, उन्हें इसके लिए हर महीनें ट्विटर द्वारा तय किए गए चार्ज को देना होगा और जो यूजर्स ब्लू टिक नहीं रखना चाहते हैं, वो अनसब्सक्राइब भी कर सकते हैं।
इस वजह से हट सकता है ब्लू टिक
ब्लू-टिक सब्सक्रिप्शन लेने के बाद अगर कोई भी यूजर अपने अकाउंट की जानकारी में कोई बदलाव करता है, तो उसके अकाउंट से ब्लू-टिक बेज कुछ समय के लिए हट जाएगा। खास तौर पर अगर किसी यूजर ने अपने ट्विटर अकाउंट के यूजरनेम के साथ छेड़-छाड़ की तो उनके अकाउंट से ब्लू टिक हट जाएगा। हालांकि, री-वेरिफिकेशन के बाद यूजर को दोबारा ब्लू-टिक मिल जाएगा।
यह भी पढ़ें: कैसे बढ़ी iPhone 1 से लेकर iPhone 14 तक यूजर्स की दीवानगी, जानें कितना बदल चुका है एप्पल आईफोन












Click it and Unblock the Notifications