Sridevi: 13 साल की उम्र में श्रीदेवी बनी थी रजनीकांत की सौतेली मां, कई फिल्मों में हीरो से ज्यादा लेती थी फीस
4 साल की उम्र में ही अपने करियर की शुरुआत करने वाली अदाकारा श्रीदेवी ने 13 साल की उम्र में सुपरस्टार रजनीकांत की मां का किरदार निभाया था। चंचल और शरारती रोल करने के लिए मशहूर बेहद शर्मीली अभिनेत्री श्रीदेवी आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, पर उनकी अदाएं, उनका अभिनय आज भी उनके करोड़ों फैंस याद करते हैं।

शुरुआती जीवन और फिल्मी सफर
13 अगस्त 1963 को तमिलनाडु के शहर शिवकासी में जन्मी श्रीदेवी के पिता एक वकील थे। उनके पिता जहां तमिल थे तो वहीं मां तेलुगू थीं। जिन अदाकारा को हम श्रीदेवी कहते हैं उनका असली नाम श्री अम्मा यंगर अयप्पन था। श्रीदेवी उनका फिल्मी करियर का नाम था। कहते हैं कि बचपन में श्रीदेवी अपने घर पर आने वाले मेहमानों की हूबहू नकल उतारती थीं। इसे देखकर हर कोई हंसने लग जाता था। 1966 में तीन साल की उम्र में उन्होंने कंधन करुनई फिल्म में बाल कलाकार के रूप में अपने फिल्मी करियर का आगाज किया। जब ये फिल्म रिलीज हुई थी तब वो मात्र चार साल की थीं।
श्रीदेवी के पास कई फिल्मों के ऑफर आने लगे थे
ये फिल्म जबरदस्त हिट हुई और श्रीदेवी के पास कई फिल्मों के ऑफर आने लगे थे। बतौर बाल कलाकार श्रीदेवी के पास इतनी फिल्में हुआ करती थीं कि वो एक साथ डबल शिफ्ट में काम किया करती थीं। लगातार फिल्मों में काम करते हुए श्रीदेवी की पढ़ाई पर भी असर पड़ने लगा था। इस बात से पिता काफी नाराज रहने लगे थे।
श्रीदेवी की मां हमेशा उनके साथ शूटिंग में रहती थीं
इसके लिए उन्होंने एक तरीका निकाला और श्रीदेवी के साथ ही एक टीचर को नियुक्त कर दिया। पर पढ़ाई और करियर में तालमेल बन नहीं पा रहा था। और श्रीदेवी ने करियर को ज्यादा अहमियत दी और अपने काम में जुटी रहीं। श्रीदेवी की मां हमेशा उनके साथ शूटिंग में रहती थीं।
रजनीकांत की मां का रोल
श्रीदेवी ने 13 साल उम्र में सुपरस्टार रजनीकांत की मां का किरदार निभाया था। उस फिल्म का नाम था मूंदरू मुदिचू। इस फिल्म में सौतेली मां के किरदार में श्रीदेवी ने अपने अभिनय की अमिट छाप छोड़ी। ये फिल्म सुपरहिट रही थी। श्रीदेवी ने 1979 की फिल्म सोलवां सावन से बॉलीवुड डेब्यू किया था। ये तमिल फिल्म 16 व्याथिनिले का हिंदी रीमेक थी। इस फिल्म में भी श्रीदेवी ही लीड रोल में थीं।
उन्होंने हिंदी सिनेमा में लगभग 300 फिल्मों में काम किया और इनमें से कई शानदार हिट फिल्में रहीं। उस दौर में भी श्रीदेवी के लोग इतने दीवाने थे कि हर कोई प्रोड्यूसर उनको साइन करना चाहता था। ऐसे में श्रीदेवी एक अभिनेता से अधिक फीस लेती थीं। श्रीदेवी की सुपरहिट फिल्म नगीना के लिए उन्होंने ऋषि कपूर से अधिक फीस ली थी।
श्रीदेवी की कुछ बेहतरीन फिल्में
श्रीदेवी ने जैसे को तैसा, जूली, सोलहवां साल, हिम्मतवाला, जस्टिस चौधरी, सदमा, अक्लमंद, निगाहें, बंजारन, फरिश्ते, पत्थर के इंसान, मिस्टर इंडिया जैसी कई अनगिनत फिल्मों में काम किया था। 1971 में आई मलयालम फिल्म 'मूवी पूमबत्ता' के लिए श्रीदेवी को केरला स्टेट फिल्म अवार्ड से सम्मानित किया गया था। वहीं भारत सरकार ने इन्हें साल 2013 में पद्मश्री से सम्मानित किया। श्रीदेवी की दो बेटियां हैं. जाह्नवी और खुशी। जाह्नवी भी अपनी मां की ही तरह फिल्मों में दमदार अभिनय कर रही हैं। 24 फरवरी 2018 को श्रीदेवी की दुबई के एक होटल के बाथरूम में टब में डूबने से मृत्यु हो गई।












Click it and Unblock the Notifications