Layoffs in Tech Companies: अमेजन से लेकर ट्विटर तक, इन टेक कंपनियों ने की हजारों की छंटनी
Layoffs in Tech Companies: पिछले कुछ महीनों से Twitter, Amazon, Facebook (Meta) जैसी दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनियों द्वारा बड़ी मात्रा में कर्मचारियों के निकाले जाने की खबरें सामने आ रही हैं। इस महीने यानी नवंबर में ही अमेरिका की 72 कंपनियों ने करीब 35,000 कर्मचारियों को बाहर निकाला है।

अगर, पूरे साल के आंकडों को देखा जाए तो 2022 में बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों ने करीब 1,20,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है। यह अमेरिकी टेक इंडस्ट्री की पिछले दो दशक में सबसे बड़ी छंटनियों में से एक है। इसे ग्लोबल मंदी की आहट के तौर पर देखा जा रहा है।
साल 2020 में कोरोना महामारी की वजह से कई कंपनियों ने बड़ी संख्या में कर्मचारियों को निकाला था। हालांकि, इस दौरान टेक कंपनियों ने अपने कर्मचारियों की छंटनी नहीं की थी, लेकिन जब पूरी दुनिया कोरोना महामारी से उबर रही है, टेक कंपनियां अपने कर्मचारियों की छुट्टी कर रही हैं।
इसका असर भारत में भी देखने को मिला है। कई बड़ी कंपनियों ने भारत में अपने ऑफिस से कई कर्मचारियो को नौकरी से बाहर निकाल (layoffs) दिया है। आइए, जानते हैं Amazon, Meta, Twitter, Snap जैसी बड़ी टेक कंपनियों के बारे में, जिन्होंने बड़ी मात्रा में कर्मचारियों की छंटनी (layoffs) की है।
Amazon
दुनिया की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों में से एक Amazon ने 10,000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी करने का फैसला किया है। The New York Times की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेजन ने कर्मचारियों को 29 नवंबर तक खुद रिजाइन करने के लिए कहा है। हालांकि, एक और नई रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें अमेजन के CEO एंडी जेसी (Andy Jassy) ने कर्मचारियों की छंटनी नए साल तक बढ़ाने का फैसला किया है।
कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (डिवाइस एंड सर्विसेज) ने कंपनी की वेबसाइट पर शेयर किए गए एक मेमो में कहा है "समीक्षाओं के गहन सेट के बाद, हमने हाल ही में कुछ टीमों और कार्यक्रमों में कमी करने का निर्णय लिया है। इन निर्णयों के परिणामों में से एक यह है कि अब कुछ भूमिकाओं की आवश्यकता नहीं होगी।" इसकी वजह से कंपनी के कई वेयर हाउस, ऑफिस आदि से 10,000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी की जाएगी।
Meta
फेसबुक (Facebook), व्हाट्सऐप (WhatsApp), इंस्टाग्राम (Instagram) की पैरेंट कंपनी Meta ने हाल ही में 13 प्रतिशत यानी करीब 11,000 कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया है। कंपनी के CEO मार्क जुकरबर्ग ने कोरोना महामारी के दौरान की गई ओवरहाइरिंग यानी भर्तियों का हवाला देते हुए कर्मचारियों को निकाले जाने की बात कही है।
जुकरबर्ग ने मेटा की ऑफिशियल वेबसाइट पर बताया कि ई-कॉमर्स में से एड सेल्स की कमी में भारी गिरावट हुई है, जो कंपनी के लिए मुख्य कमाई का जरिया रहा है। जुकरबर्ग ने इसके लिए सबसे माफी भी मांगी है। कर्मचारियों की इस छंटनी का असर कंपनी की वर्कफोर्स पर पड़ेगा। मेटा में साल 2023 की पहली तिमाही तक भर्ती को भी फ्रिज कर दिया गया है।
Tesla और SpaceX के CEO एलन मस्क ने अक्टूबर के महीने में माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफार्म Twitter का अधिग्रहण किया है। ट्विटर की कमान संभालने के साथ ही एलन मस्क ने 50 प्रतिशत कर्मचारियों को कंपनी से बाहर निकालने का फैसला लिया।
यही नहीं, कंपनी के CEO पराग अग्रवाल समेत तीन बड़े अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, मस्क ने ट्विटर इंडिया के 90 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी की है। मस्क ने ट्वीट करके बताया कि कंपनी को हर दिन 4 मिलियन डॉलर का नुकसान हो रहा है, इसलिए उसके पास कर्मचारियों की छंटनी करने के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचा है।
एलन मस्क ने ट्विटर को 44 बिलियन डॉलर (लगभग 3.4 लाख करोड़ रुपये) की मोटी रकम में खरीदा है। मस्क ने ट्विटर का अधिग्रहण करने के साथ ही, इसमें कई बदलाव किए हैं। ट्विटर के जरिए कमाई करने के लिए मस्क ने Twitter Blue टिक वाले यूजर्स से हर महीने 8 डॉलर चार्ज करने का फैसला किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, एलन मस्क ने ट्विटर के करीब 3,700 कर्मचारियों को कंपनी से निकाल दिया है।
Stripe
पेमेंट प्रोसेसिंग कंपनी Stripe ने इसी महीने 3 नवंबर को 14 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी की है। कंपनी के CEO पैट्रिक कॉलीसन (Patric Collison) ने अपने कर्मचारियों को ई-मेल के जरिए बताया कि ई-कॉमर्स कंपनियों की कमाई घटने की वजह से कंपनी के ग्रोथ पर इसका बड़ा असर पड़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक, Stripe ने करीब 1,000 कर्मचारियों की छंटनी की है।
अपने ई-मेल में पैट्रिक ने कर्मचारियों से कहा, "हम इस समय बढ़ती हुई महंगाई, एनर्जी शॉक्स, बढ़ी हुई ब्याज दर, इंवेस्टमेंट बजट में कमी और स्टार्ट-अप फंडिंग में आई कमी वाले दौर से गुजर रहे हैं। दुनिया के कई विकसित देश इस समय मंदी की चपेट में हैं। हमें लगता है कि 2022 एक अलग तरह के इकोनॉमिक परिवर्तन की शुरुआत है।"
इन कंपनियों ने भी की छंटनी
इन कंपनियों के हजारों कर्मचारियों के अलावा Salesforce ने सैकडों कर्मचारियों को निकाल दिया है। CNBC की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने कर्मचारियों से कहा कि हमारी सेल्स परफॉर्मेंस प्रोसेस प्रभावित हुई है, जिसकी वजह से कई बिजनेस चले गए हैं।
वहीं, Microsoft ने भी करीब 1,000 कर्मचारियों को कंपनी से निकाल दिया है। इन बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों के साथ-साथ सोशल मीडिया और फोटो शेयरिंग प्लेटफॉर्म Snap ने भी करीब 1200 कर्मचारियों की छंटनी की है। वहीं, Zillow ने भी 25 प्रतिशत यानी करीब 300 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया है।
क्या है छंटनी के पीछे की वजह?
इनमें से कई कंपनियों ने पब्लिक स्टेटमेंट में इन छंटनियों के पीछे दो मुख्य कारण बताए हैं, जिनमें पहला कारण कोरोना महामारी के दौरान ज्यादा कर्मचाकरियों की भर्ती है, क्योंकि उस दौरान ज्यादातर लोग ऑनलाइन अपने सारे काम करते थे। जैसे ही, कोरोना महामारी का दौर खत्म हुआ, ऑनलाइन समय बिताने वाले यूजर्स की संख्यां कम हो गई। ऐसे में कंपनियों को ये कर्मचारी ज्यादा एक्सपेंसिव यानी महंगे लगने लगे।
वहीं, महामारी के बाद कई ब्रांड्स ऑनलाइन या डिजिटल ऐड्स में कम खर्च करने लगे, जो इन टेक्नोलॉजी कंपनियों के रेवेन्यू का मुख्य जरिया है। इस वजह से टेक कंपनियों के रेवेन्यू में भारी कमी आई और भर्ती किए गए कर्मचारी इन पर बोझ बन गए। इंडस्ट्री की मानें तो अगले साल की शुरुआत में भी कई और कर्मचारियों की छंटनी की जा सकती है, जो आने वाली ग्लोबल मंदी की आहट है।
यह भी पढ़ें: Tesla की भारत में एंट्री की तैयारी, लेकिन आसान नहीं है राह
-
Rajat Dalal Caste: Bigg Boss 18 फेम रजत दलाल किस जाति से हैं? शेरवानी में गंगा किनारे रचाई शादी, दुल्हन कौन? -
Silver Rate Today: चांदी फिर हुई सस्ती, अचानक 11,000 गिरे दाम, दिल्ली से पटना तक ये है 100 ग्राम सिल्वर का रेट -
ट्रंप ने सऊदी प्रिंस का उड़ाया मजाक, की बेदह गंदी टिप्पणी, क्या टूट जाएगी अमेरिका-सऊदी अरब की दोस्ती? -
3 शादियां कर चुकीं 44 साल की फेमस एक्ट्रेस ने मोहनलाल संग शूट किया ऐसा इंटीमेट सीन, रखी 2 शर्तें और फिर जो हुआ -
Iran Vs Israel: 'सभी देश भुगतेंगे परिणाम', शांति प्रयासों के बीच ईरानी विदेश मंत्री की बड़ी चेतावनी -
37 साल से लापता है ये फेमस एक्ट्रेस, गुमनामी में लुट गया सबकुछ, ऋषि कपूर पर लगाया था ऐसा आरोप -
VIDEO: 10 साल की दुश्मनी! बीच मैदान पर एक झप्पी और सब खत्म! विराट-कुंबले का वीडियो देख दुनिया दंग -
Gold Rate Today: ईरान जंग के बीच सोना में भारी गिरावट, अबतक 16000 सस्ता! 22k और 18k का अब ये है लेटेस्ट रेट -
LPG Price Today Delhi NCR: दिल्ली में गैस सिलेंडर महंगा, 14.2Kg का नया रेट क्या है? जानें आज का ताजा भाव -
Kal Ka Match Kon Jeeta 28 March: कल का मैच कौन जीता- RCB vs SRH -
Iran Vs America War: कब खत्म होगा अमेरिका ईरान युद्ध, ट्रंप के विदेश मंत्री ने बता दी तारीख -
PM Kisan Yojana: 31 मार्च से पहले कर लें यह काम, वरना अटक जाएगी पीएम किसान की अगली किस्त












Click it and Unblock the Notifications