Breast Cancer: जर्मन मॉडल का स्तन कैंसर से निधन, जानिए कितनी गंभीर है यह बीमारी?
स्तन कैंसर महिलाओं की कोशिकाओं (सैल्स) से विकसित होता है। सही समय पर अगर इस बीमारी का पता चल जाये तो इससे बचाव मुमकिन है लेकिन देरी होने पर यह जानलेवा बन सकता है।

11 जनवरी 2023 को मशहूर जर्मन मॉडल तात्याना पाटीज का स्तन कैंसर के चलते 56 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। तात्याना के एजेंट निकोलस ने बताया कि वह बीमार चल रही थी लेकिन इसके आगे निकोलस ने कुछ और जानकारी नहीं दी। तात्याना को ओरिजिनल सुपरमॉडल कहा जाता था और उन्होंने 80 और 90 के दशक में फैशन जगत में अपना नाम किया था।
इन भारतीय महिलाओं ने किया ब्रेस्ट कैंसर का सामना
70-80 के दशक की मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री मुमताज को 2002 में स्तन कैंसर डायग्नोस हुआ। मुमताज ने 6 कीमोथेरेपी और 35 रेडिएशन ट्रीटमेंट के बाद स्तन कैंसर से अपनी जंग जीत ली। निर्देशक और लेखिका ताहिरा कश्यप बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना की पत्नी है। उन्हें 2018 में स्तन कैंसर का पता चला था और इस बीमारी के इलाज के लिए उनकी सर्जरी और कीमोथेरेपी की गई थी। वह कैंसर के साथ अपने अनुभव के बारे में खुलकर बात करती है और कैंसर के लिए जागरूकता फैलाने में बहुत अहम भूमिका निभा रही है।
अभिनेत्री और लेखिका सोनाली बेंद्रे को 2018 में स्तन कैंसर (चरण IV) का पता चला था। उनके डायग्नोसिस के बाद, उन्होंने सार्वजनिक रूप से कैंसर के साथ अपनी जिंदगी को साझा किया, जिसमें कीमोथेरेपी और सर्जरी शामिल थी। सोनाली की कैंसर से लड़ाई ने भारत में इस बीमारी के बारे में जागरूकता बढ़ाने में मदद की।
वर्ष 2022 में यह खबर आई थी कि बॉलीवुड अभिनेत्री महिमा चौधरी स्तन कैंसर से लड़ रही है। महिमा ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें उनके स्तन कैंसर के बारे में तब पता चला जब वे सालाना हेल्थ चेकअप करा रही थी। कीमोथेरेपी और रेगुलर चेकअप की बदौलत महिमा अब पूरी तरह से स्वस्थ है।
स्तन कैंसर से जान बचने का चांस
स्तन कैंसर से बचने की संभावना कई बातों पर निर्भर करती है, जिसमें डायग्नोसिस के समय कैंसर का चरण, रोगी का शारीरिक स्वास्थ्य, आदि शामिल हैं। अमेरिकन कैंसर सोसायटी के अनुसार, स्तन कैंसर के सभी चरणों के लिए संयुक्त रूप से 5 साल की जीवित रहने की दर लगभग 90 प्रतिशत है। शुरुआती चरण के स्तन कैंसर (चरण 0-II) के लिए, 5 साल की जीवित रहने की दर लगभग 100 प्रतिशत है। गंभीर चरण के स्तन कैंसर (चरण III और IV) के लिए, 5 साल की जीवित रहने की दर लगभग 27 प्रतिशत है।
भारत में स्तन कैंसर को लेकर जागरूकता
भारत में अभी भी कैंसर देश में स्वास्थ्य की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है और भारत में कैंसर ट्रीटमेंट के सुधार में भारत को लंबा सफर तय करना है। हालांकि, ऐसा प्रतीत होता है कि भारत सरकार स्तन कैंसर को लेकर ज्यादा गंभीर नहीं है क्योंकि वर्ष 2022 में केरल हाई कोर्ट में स्तन कैंसर से संबंधित एक पिटिशन के जवाब में भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि स्तन कैंसर 'राष्ट्रीय' या 'अत्यधिक' गंभीर के मामले के रूप में योग्य नहीं है। हालांकि भारत सरकार ने कैंसर की रोकथाम के लिए कई इनीशिएटिव और प्रोग्राम शुरू किए हैं जिसमें नेशनल प्रोग्राम फॉर प्रीवेंशन एंड कंट्रोल ऑफ कैंसर, डायबिटीज, कार्डियोवैस्कुलर डिजीज एंड स्ट्रोक्स (NPCDCS), नेशनल कैंसर कंट्रोल प्रोग्राम, आदि शामिल हैं।
भारत में स्तन कैंसर के आकंड़े
- भारतीय महिलाओं में फिलहाल प्रतिवर्ष लगभग 182,000 स्तन कैंसर के नए मामले रिपोर्ट होते हैं और यह आंकड़ा वर्ष 2030 तक 250,000 तक पहुंचने की संभावना हैं। अर्थात हर घंटे में 20 से ज्यादा केस स्तन कैंसर के सामने आ रहे हैं।
- स्तन कैंसर भारतीय महिलाओं में सबसे आम कैंसर है और महिलाओं में सभी कैंसर का लगभग 25 प्रतिशत से 33 प्रतिशत हिस्सा है।
- भारत में हर साल लगभग 90,000 मौतें स्तन कैंसर के कारण होती हैं। अर्थात हर दो मरीजों में से एक की मृत्यु स्तन कैंसर से हो जाती है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्तन कैंसर
दुनिया भर में स्तन कैंसर पर जागरूकता फैलाने, उसका इलाज करने, उस पर रिसर्च करने के लिए सैकड़ों ऑर्गेनाइजेशन काम कर रही हैं। यह स्तन कैंसर रिसर्च को फंड करती हैं, जागरूकता फैलाती हैं, और स्तन कैंसर से पीड़ितों को सहारा देती हैं। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) ने भी एक इनिशिएटिव ग्लोबल ब्रेस्ट कैंसर इनिशिएटिव (GBCI) शुरू किया है जिसका उद्देश्य वैश्विक स्तन कैंसर मृत्यु दर को कम करना है। दुनिया भर में ऐसी भी कई सेलिब्रिटीज हैं जिन्हें स्तन कैंसर ब्रांड एंबेसडर माना जाता है और उनमें हॉलीवुड अभिनेत्री क्रिस्टीना ऐपलगेट, हॉलीवुड सिंगर शेरिल क्रो, टेलीविजन होस्ट गिउलिआना रैंसिक, अभिनेत्री कैथी बेट्स शामिल हैं।
विश्व स्तन कैंसर दिवस
विश्व स्तन कैंसर दिवस 19 अक्टूबर को स्तन कैंसर के बारे में जागरूकता बढ़ाने और उपचार को प्रोत्साहित करने के लिए मनाया जाने वाला एक वार्षिक दिन है। यह कार्यक्रम वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) और इंटरनेशनल एसोसिएशन फॉर ब्रेस्ट कैंसर रिसर्च (IABCR) सहित दुनिया भर के विभिन्न संगठनों द्वारा आयोजित किया जाता है। विश्व स्तन कैंसर दिवस का लक्ष्य जनता को स्तन कैंसर की जांच, और उपचार के महत्व के बारे में शिक्षित करना है।












Click it and Unblock the Notifications