कोरोना काल में हुई पति की मृत्यु, मुआवजे में मिले लाखों ले उड़ा प्रेमी, मंदिर में शादी कर फरार हुआ दूल्हा
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक विधवा महिला के साथ प्यार के नाम पर शारीरिक शोषण और लाखों रुपए की धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया गया है। आरोपी ने पहले महिला को अपने प्रेम जाल में फंसाकर उससे दो साल तक शारीरिक संबंध बनाए और इसी दौरान उसकी जमा राशि हड़प कर अब चम्पत हो गया है। पीड़ित महिला ने अब पुलिस के पास पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
कोरोना काल में हुई थी पति की मौत
दरअसल, फतेहपुर के हथगांव थाना क्षेत्र के गंगारामपुर निवासिनी एक विधवा महिला ने बताया कि उसके पति राजा पासवान दिल्ली में रहकर एक प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी करते थे। कोरोना काल में उनकी मृत्यु हो जाने पर फैक्ट्री मालिक की तरफ से दी गई लगभग 6 लाख रुपए की राशि महिला के खाते में जमा थी। कुछ रुपए महिला ने मेहनत मजदूरी करके ईकट्ठा कर रखे थे।

महिला के पैसों पर पड़ी आरोपी की नजर
वहीं विधवा महिला गांव में रहकर मेहनत मजदूरी करके अपने बच्चों का भरण पोषण कर रही थी। इसी दौरान गांव के रहने वाले पिंकेश लोधी नाम के युवक की नजर उस महिला के पैसों पर पड़ गई। जिसके बाद पिंकेश लोधी ने जैसे-तैसे महिला को अपने प्रेम जाल में फंसा कर शादी का झांसा दिया और लगभग दो वर्ष तक लगातार अवैध संबंध बनाता रहा।
सारे पैसे भी कर लिए हजम
इसी बीच पिंकेश लोधी ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर उसके सारे पैसे भी हजम कर लिए। अपने मकसद में कामयाब होने के बाद उसने महिला से किनारा करना शुरू कर दिया। जब पीड़ित ने शादी का दबाव बनाया तो वह गाली गलौज करने लगा। जिसकी सूचना महिला ने हथगांव थाने में दी तो पिंकेश लोधी शादी करने के लिए तैयार हो गया। इसके बाद उसने हथगाम कस्बे में स्थित मनकामेश्वर मंदिर में ग्रामीणों के सामने शादी भी की।
गला दबाकर मारने का प्रयास, घर से निकाला
मंदिर में शादी होने के बाद दोनों पति-पत्नी अपने घर पहुचे तो परिजनों का अलग ही हंगामा शुरू हो गया। पीड़िता के अनुसार पिंकेश लोधी के चाचा तोताराम लोधी व उसके लड़के नीतेश लोधी ने पीड़ित महिला को गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। साथ ही गाली गलौज करते हुए उसे घर से बाहरभी निकाल दिया।
थाने पहुंचा मामला, आरोपी फरार
इसपर पीड़िता ने जब 112 डायल किया तो मौके पर पुलिस पहुंची और कहा कि दोनों पक्ष थाने आइए। लेकिन पीड़िता तो थाने पहुंच गई परंतु पिंकेश लोधी के चाचा तोताराम उसे अपनी बाइक पर बिठाकर फरार हो गया। पीड़िता ने दुबारा थाने में तहरीर देते हुए पुलिस को अवगत कराया कि मेरे पति की जान खतरे में है। पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि पिंकेश लोधी के परिजन लगातार गाली गलौज और जान से मारने की देते हैं। वहीं महिला ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।












Click it and Unblock the Notifications