Fatehpur News: 50 साल की महिला समधी के साथ भागी, तीन लाख नकद और 15 लाख के गहने भी साथ ले गई
Fatehpur News: फतेहपुर के सातों धरमपुर गांव में एक कहानी ने सबका ध्यान खींचा है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। यहां एक 50 वर्षीय महिला अपने समधी यानी बेटी के ससुर के साथ फरार हो गई है। हैरानी की बात ये है कि वो सिर्फ साथ नहीं गई, बल्कि घर से नकद और भारी मात्रा में जेवर भी ले गई।
इस प्रेम कहानी ने पूरे गांव को चर्चा में ला दिया है। महिला के परिजन जहां हैरान हैं, वहीं आसपास के लोग इसे 'फिल्मी कहानी' बता रहे हैं। परिवार की मानें तो ये रिश्ता काफी समय से पनप रहा था, लेकिन किसी को उम्मीद नहीं थी कि मामला इस हद तक बढ़ जाएगा।

महिला के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता कोई और नहीं, बल्कि महिला की बहू है, जो इस पूरे मामले से सदमे में है। वह खुद एसपी ऑफिस पहुंची और फरियाद की कि उसकी सास उनके घर से लाखों की संपत्ति लेकर समधी के साथ भाग गई है।
परिजनों को पहले ही था रिश्ते का अंदेशा
जानकारी के अनुसार, महिला और समधी के बीच प्रेम संबंध काफी समय से चल रहा था। परिजनों को इस रिश्ते का अंदेशा पहले ही था, लेकिन जब-जब उन्होंने सवाल उठाया, महिला ने उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इससे सभी चुप रहने को मजबूर हो गए।
महिला के तीनों बच्चे विवाहित हैं और वह खुद दादी भी बन चुकी है। बावजूद इसके, इस उम्र में ऐसा कदम उठाकर उसने न सिर्फ परिवार को शर्मिंदा किया, बल्कि पूरे गांव को सोच में डाल दिया है।
सोने-चांदी के जेवर और नकदी भी ले गई
समधन के भागने से पहले वो घर से करीब 3 लाख रुपये नकद और लगभग 15 लाख रुपये के जेवर भी साथ ले गई। यह बात सामने आने के बाद परिवार को आर्थिक रूप से भी गहरा झटका लगा है।
पीड़िता बहू का कहना है कि इस प्रेम प्रसंग ने उनके पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। घर के अन्य सदस्य भी इस घटना से सदमे में हैं और अपनी सामाजिक छवि को लेकर बेहद चिंतित हैं।
असोथर थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी ने पुष्टि की है कि महिला की बहू सोनम देवी की तहरीर मिल चुकी है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। हालांकि अभी दोनों के ठिकाने का पता नहीं चल पाया है।
गांव में इस किस्से की चर्चाएं गर्म हैं। कुछ लोग तंज कस रहे हैं कि प्यार की कोई उम्र नहीं होती, तो कुछ इसे सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ मान रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी यह मामला अब धीरे-धीरे वायरल हो रहा है।
बदायूं में भी सामने आ चुका है ऐसा ही मामला
गौरतलब है कि इससे पहले बदायूं जिले में भी अप्रैल में एक ऐसा ही मामला सामने आया था। वहां भी एक महिला को अपनी बेटी के ससुर से प्रेम हो गया था। बाद में दोनों घर छोड़कर चले गए थे।
इन मामलों से यह साफ हो गया है कि रिश्तों की परिभाषाएं बदल रही हैं। अब सिर्फ युवा ही नहीं, उम्रदराज लोग भी बिना समाज की परवाह किए अपने फैसले खुद लेने लगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications