यूपी चुनाव में योगी ही होंगे BJP का चेहरा, अयोध्या में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा
यूपी चुनाव में योगी ही होंगे BJP का चेहरा, अयोध्या में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा
अयोध्या, 17 अक्टूबर: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में बीजेपी 300 से अधिक सीटें जीतेगी और सरकार बनाएंगी। मौर्य ने कहा कि चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में ही लड़े जाएंगे और वे ही बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे। इस दौरान उन्होंने बोलते हुए कहा कि बीजेपी ने सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के साथ पूरी ईमानदारी से देश और प्रदेश के विकास का काम किया है।

न्यूज़ 18 की खबर के मुताबिक, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या में बोलते हुए कहा कि प्रदेश में जब-जब सपा, बसपा की सरकार बनती है गुंडागर्दी एवं भ्रटाचार बढ़ता है। लोगों की जमीन, दुकान और मकानों पर कब्जा होता है। बीजेपी की सरकार में सुशासन के साथ प्रदेश का विकास होता है। गांव, गरीब और किसानों की तरक्की होती है। विकास के साथ लोगों के जीवन स्तर में सुधार होता है। जब देश में गरीब का बेटा पीएम बनता है तो गरीबों के घर बनते हैं। हर घर में शौचालय बनता है। गरीबों को गैस के चूल्हे मिलते हैं। गरीबों को निःशुल्क राशन मिलता है।
उत्तर प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य जब मीडिया द्वारा पूछा गया कि सीएम फेस कौन होने जा रहा है तो उन्होंने साफ तौर पर योगी आदित्यनाथ का नाम लिया। मौर्य ने कहा कि यूपी चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में ही लड़े जाएंगे और वे ही बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि सीएम योगी को लेकर कुछ विपक्षी दल जरूर बार बार ऐसी अफवाह फैलाते हैं कि किसी और के चेहरे पर बीजेपी चुनाव लड़ेगी। लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है। विपक्षी अपनी योजनाओं में कभी सफल नहीं होंगे।
इस दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि हमें 300 से ज्यादा सीटें जीतने से कोई भी नहीं रोक सकता है। उन्होंने कहा कि सौ में 60 हमारा है और जो बचा 40 है उसमें भी हमारा हिस्सा है। इसके साथ ही अखिलेश की विजय यात्रा के लिए कहा कि ये विजय यात्रा नहीं पराजय यात्रा है। मौर्य ने कहा कि जब से अखिलेश यादव की विजय यात्रा शुरू हुई है जनता खौफ में है। क्योंकि इस यात्रा के दौरान ही छुपे हुए गुंडे और माफिया बाहर आने लगे हैं। यात्रा जहां जहां से निकल रही है वहां पर अपराध बढ़ता जा रहा है। ऐसे में जनता को डर है कि यदि साइकिल विधानसभा पहुंच गई तो राज्य में गुंडे और माफियाओं का राज हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications