UP Politics: हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास पर भड़कीं अपर्णा यादव, टिप्पणी पर बढ़ता जा रहा है विवाद
UP Politics: मुलायम सिंह यादव पर हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। समाजवादी पार्टी ने इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। वहीं, मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू और बीजेपी नेता अपर्णा यादव ने भी इस पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
अयोध्या पहुंची अपर्णा यादव ने महंत राजू दास से बयान के लिए माफी मांगने को कहा है। मीडिया से बात करते हुए अपर्णा यादव ने कहा कि इतने बड़े समाज से संबंध रखने वाले महंत राजू दास जैसे व्यक्ति द्वारा इस तरह की निकृष्ट टिप्पणी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि एक महंत से ऐसे शब्दों की अपेक्षा नहीं की जा सकती। उन्होंने यह भी कहा कि अगर आपने ऐसी टिप्पणी की है तो आपको सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने महंत राजू दास को सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदारी से बयान देने की सलाह भी दी।
अपर्णा यादव ने कहा कि किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति, विशेष रूप से धार्मिक परंपराओं से जुड़े व्यक्तियों को इस प्रकार की अभद्र टिप्पणियां नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आप एक सिद्ध पीठ से आते हैं, आपको ऐसी बातें करना शोभा नहीं देता। यदि आपसे यह गलती हुई है, तो तत्काल माफी मांगें।
मिल्कीपुर उपचुनाव में वोट की अपील
मिल्कीपुर उपचुनाव के प्रचार के दौरान अपर्णा यादव ने जनता से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। उन्होंने कहा कि यादव समुदाय हमेशा से सनातनी रहा है। यह चुनाव धर्म यज्ञ के समान है और इसमें सभी की भागीदारी जरूरी है। अधिक मतदान से लोकतंत्र और मजबूत होगा।
वहीं महाकुंभ के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि आज देश-विदेश में सनातन धर्म को पहचान मिल रही है। बड़ी संख्या में लोग सनातन धर्म से जुड़ने के लिए रामनगरी अयोध्या आ रहे हैं। 25 जनवरी को महिला आयोग की टीम महाकुंभ में जाकर तैयारियों का जायजा लेगी।












Click it and Unblock the Notifications