शिवपाल यादव ने इटावा में फहराया तिरंगा, बोले- स्वतंत्रता की लड़ाई अभी भी अधूरी है
इटावा, 15 अगस्त: इटावा में जिला सहकारी बैंक के मुख्यालय पर सोमवार सुबह 8 बजे प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और विधायक शिवपाल सिंह यादव 75वें स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने सैकड़ों समर्थकों के साथ शपथ ली कि तिरंगे झंडे का मान-सम्मान कभी भी कम नहीं होने देंगे। इस मौके पर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए शिवपाल ने कहा कि स्वतंत्रता की लड़ाई अभी भी अधूरी है, जिसे अब हम लोगों को पूरा करना है।
Recommended Video

'हम लोग पिट रहे हैं, अपमानित हो रहे हैं, कोई सुनवाई नहीं हो रही'
शिवपाल ने कहा, ''आज मंहगाई और भ्रष्टाचार चरम पर बना हुआ है। याद करो, किसकी वजह से आज हम लोग पिट रहे है, अपमानित हो रहे है.. कोई सुनवाई भी नहीं हो रही है।'' उन्होंने कहा कि युवाओं को आगे करके आंदोलन चलाएंगे, अगर लाठी गोली खानी पड़ेगी तो वो भी खाएंगे। बिजली की मंहगाई बढ़ती जा रही है। देश में सबसे महंगी बिजली उत्तर प्रदेश में ही है। शिवपाल ने आरोप लगाया कि बिजली के बिलों में बेईमानी आम बात है, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है।
'बदलाव जरूरी है, जिसके लिए हम तैयार हैं'
शिवपाल यादव ने कहा कि देश की समस्याओं को दूर करने के लिए एकजुट होना पड़ेगा। इन समस्याओं को दूर करने के लिए बदलाव जरूरी है। किसानों की बात करते हुए शिवपाल ने कहा कि आज हमारे देश का किसान कर्ज में डूबता जा रहा है और आत्महत्या कर रहा है। गरीब और गरीब होता जा रहा है और अमीर के पास धन बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन सभी समस्याओं को लेकर अब आने वाले चुनाव में बदलाव जरूरी है, जिसके लिए हम तैयार हैं।












Click it and Unblock the Notifications