यूपी की सर्दी में ठिठुरते शेरों की जान बचाने के लिए लगाना पड़ा हीटर
इटावा। यूपी में शीत लहर का प्रकोप जारी है जिसके चलते इटावा का भी तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जिसके चलते सफारी के जानवरों की जान बचाने के लिए प्रशासन को इलेक्ट्रॉनिक हीटरों का सहारा लेना पड़ा। इटावा सफारी पार्क में मौजूद शेर, भालू, हिरणों को बचाने के लिए सफारी प्रशासन कड़ी मशक्कत कर रहा है जिससे उनको जानलेवा सर्दी से बचाया जा सके।

सफारी प्रशासन शेरों के बाड़े में हीटर लगाकर उनको सर्दी से बचाने के लिए 24 घंटे उनके ऊपर कड़ी निगरानी कर रहा है। शेरों के प्रत्येक बाड़े में 15000 वाट के हीटर का प्रयोग किया जा रहा है जिससे उनके रहने की जगह का न्यूनतम तापमान 12 से 16 डिग्री सेल्सियस बना रहे। प्रत्येक बाड़े में तापमान यंत्र भी लगवाया गया है। साथ ही उनके बाड़े की खिड़कियों, दरवाजों पर घास और पॉलिथीन की बनी चटाई भी लगाई गई है।

इसी के साथ भालुओं को भी खुले हुए बाड़े से निकालकर बन्द बाड़े में रखा गया है और उनको भी हीटर से गर्मी दी जा रही है। हिरणों के लिए भी पर्दे, घास से बनी चटाई व उनके बैठने के लिए घास बिछाई गई है। सफारी डायरेक्टर वी के सिंह के मुताबिक, हीटर लगाकर जानवरों की 24 घंटे निगरानी सीसीटीवी से की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इतनी बड़ी सफारी में हम आग जलाकर जानवरों की सर्दी दूर नहीं कर सकते, न ही हम किसी जानवर के बाड़े में आग का प्रयोग करेंगे जिससे कोई अप्रिय घटना घटित हो। वन विभाग अधिकारी के मुताबिक, ठंड की वजह से शेर बाहर नहीं निकल पा रहे और काफी आक्रामक हो गए हैं। हीटर की गर्मी से उनकी सेहत का ध्यान रखा जा रहा है।


Click it and Unblock the Notifications
