Etah: कार्यवाहक ग्राम प्रधान बनने वाली पाकिस्तानी महिला गिरफ्तार, जांच के बाद हुई कार्रवाई
Etah News, एटा। खबर उत्तर प्रदेश के एटा जिले से है, यहां एक पाकिस्तानी महिला को गांव का कार्यवाहक ग्राम प्रधान बना दिया गया था। इस बात का खुलासा उस वक्त हुआ, जब गांव के एक ग्रामीण कुवैदान खान ने 10 दिसंबर को डीपीआरओ से महिला के पाकिस्तानी होने की शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। तो वहीं, ग्राम प्रधान बनी महिला ने भी तत्काल पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, इस मामले में ग्राम पंचायत सचिव ने महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी। जिसके बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
Recommended Video

क्या है पूरा मामला
ये मामला एटा जिले के गुदारू गांव से सामने आया था। जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से पाकिस्तान के कराची की रहने वाली बानो बेगम ने करीब 35 साल पहले गांव गुदारू के अख्तर अली से निकाह किया था। बानो बेगम तभी से भारत में लॉन्ग टर्म वीजा पर रह रही है। उन्हें अभी तक भी भारत की नागरिकता नहीं मिली है। बता दें कि साल 2015 में हुए पंचायत चुनाव में बानो बेगम ने चुनाव लड़ा और जीत दर्ज कराई। वहीं इस साल 9 जनवरी 2020 को ग्राम प्रधान शहनाज बेगम का देहांत होने के बाद सियासी समीकरण के चलते बानो बेगम को सदस्यों ने कार्यवाहक प्रधान चुन लिया।
DPRO ने शिकायत के बाद करवाई थी जांच
ग्राम प्रधान बनने के बाद ग्रामीण कुवैदान खान ने 10 दिसंबर को डीपीआरओ से बानो बेगम के पाकिस्तानी होने की शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया था। जिसके बाद डीपीआरओ ने पुलिस से महिला की जांच करवाई। तो वहीं, शिकायत की जानकारी होते ही बानो बेगम ने प्रधान पद से इस्तीफा दे दिया था। इधर, जांच में उनके पाक नागरिक होने की शिकायतें सही पाई गईं थी। मामले में डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी ने ग्राम पंचायत सचिव को बानो बेगम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया था।
बानो बेगम को पुलिस ने किया गिरफ्तार
एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि थाना जलेसर पुलिस काफी दिनों से फरार चल रही बानो बेगम गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार की गई बानो बेगम पाकिस्तानी की रहने वाली है, जिन्हें जेल भेज दिया है और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया कि धोखाधड़ी करने में उसकी मदद करने वाले सभी लोगों के खिलाफ जांच रिपोर्ट के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications