'मुझे लगता था मैं पागल हो जाऊंगी', अदनान सामी से तलाक और बेटे की कस्टडी पर जेबा बख्तियार का छलका दर्द
Zeba Bakhtiar and Adnan Sami: बॉलीवुड फिल्मों से लेकर सोलो एल्बम्स के जरिए लोगों को कई हिट गाने दे चुके सिंगर अदनान सामी एक बार फिर से सुर्खियों में छा गए हैं। दरअसल सिंगर अदनान सामी की पहली पत्नी जेबा बख्तियार ने शादी और बच्चे की कस्टडी को लेकर खुलकर बात की है। हाल ही में एक इंटरव्यू में जेबा बख्तियार ने अपने एक्स पति और म्यूजिक कम्पोजर-सिंगर अदनान सामी के साथ शादी को लेकर कई तरह के खुलासे किए हैं।
जेबा बख्तियार के इस इंटरव्यू में बताई गईं बातों के सामने आने के बाद से लोग अदनान सामी के बारे में जमकर चर्चाएं कर रहे हैं। अदनान सामी एक बार फिर से लोगों के बीच हॉट टॉपिक बन गए हैं। आपको बता दें कि जेबा बख्तियार ने कहा है कि उन्होंने अदनान सामी से शादी करने के बाद एक्टिंग छोड़ दी थी और पूरी तरह से अपने नए परिवार की सेवा में जुट गई थीं।

अदनान सामी से शादी को लेकर जेबा का खुलासा
आमना हैदर ईशानी से खास बातचीत में जेबा बख्तियार ने बताया- जब मेरी अदनान से शादी हुई, मैं कुछ फिल्में खत्म कर रही थी। उस वक्त मैं एक्टिंग करियर को आगे बढ़ाने के बारे में बिल्कुल नहीं सोच रही थी। लेकिन मैं लिखना चाहती थी और प्रोड्यूसर भी बनना चाहती थी।
शादी के बाद मैं एक्टिंग छोड़ चुकी थी
जेबा बख्तियार ने इंटरव्यू में कहा- मैं एक्टिंग से दूर जा चुकी थी। मैंने अदनान से शादी की और फिर अजान का जन्म हुआ। मैं पूर तरह से उसमें व्यस्त हो गई थी लेकिन हमारी शादी ज्यादा समय तक नहीं चली। इसके बाद मैंने प्रोडक्शन और दूसरे प्रोजेक्ट्स करने शुरू कर दिए थे।
जेबा ने कहा- मेरी हालत पागलों जैसी हो गई थी
आपको बता दें कि जेबा बख्तियार ने 18 महीने के बेटे की कस्टडी के लिए खूब लड़ाई की थी जिसका असर उनके मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ा था। जेबा बख्तियार ने कहा- मैं इस लड़ाई के चलते एकदम पागल हो गई थी। मैं काम कर रही थी क्योंकि उससे मुकाबला करने की हिम्मत आती है। लेकिन मैं पूरी तरह से काम में व्यस्त नहीं रह पाती थी। मुझे डिप्रेशन हो गया था। मेरा मन स्थिर नहीं रह पाता था।
बेटे अजान की कस्टडी के लिए जेबा ने लड़ी थी लड़ाई
जेबा बख्तियार ने कहा- मुझे जिंदगी में बहुत बड़े-बड़े धक्के लगे हैं जिनके बारे में मुझे याद भी नहीं है। लेकिन मैं आभारी हूं कि मुझे अजान वापस मिल गया है। कस्टडी की इस लड़ाई को 18 महीने हो गए थे। जेबा ने आगे बताया- मैं उस दौरान काम नहीं कर रही थी, लेकिन मेरे कुछ दोस्तों ने मुझसे कहा कि मैं अपने लिए काम करना शुरू करूं। एक दोस्त था जो इंग्लैंड में एक सीरियल कर रहा था, मैं उसी शो में शामिल हो गई। मैं इसकी शूटिंग के लिए कुछ महीनों के लिए लंदन भी गई थी।
फिल्म 'हिना' से बॉलीवुड में की थी एंट्री
जानकारी के अनुसार जेबा बख्तियार ने साल 1988 में पाकिस्तानी टीवी शो 'अनारकली' से अपना एक्टिंग करियर शुरू किया था। इसके बाद वह साल 1991 में बॉलीवुड फिल्म 'हिना' में नजर आई थीं। फिल्म 'हिना' के डायरेक्टर हिंदी सिनेमा के मशहूर एक्टर रणधीर कपूर थे। इस फिल्म में जेबा बख्तियार के साथ ऋषि कपूर नजर आए थे। इसके बाद जेबा बख्तियार ने बॉलीवुड में कई फिल्में की लेकिन वह बॉक्स ऑफिस पर नहीं चल पाईं।
शादी के 4 साल बाद हो गया था तलाक
बॉलीवुड में फ्लॉप साबित होने के बाद जेबा बख्तियार पाकिस्तान लौट गईं। साल 1993 में जेबा बख्तियार का अदनान सामी के साथ निकाह हुआ और फिर उसी साल उन्होंने बेटे अजान को जन्म दिया। शादी के 4 साल बाद यानी 1997 में वह अपने पति अदनान सामी से अलग हो गईं।












Click it and Unblock the Notifications