'क्या फिर से शादी करोगी...', शख्स ने पूछा सवाल, तो करिश्मा ने भी तपाक से दिया जवाब
फिर से शादी के सवाल पर करिश्मा ने जो जवाब दिया, उसे देखकर लगा कि जैसे करिश्मा जवाब देने के लिए बिल्कुल तैयार बैठी थीं।
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर अपनी निजी लाइफ को लेकर बार फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल गुरुवार को करिश्मा ने अपने इंस्टाग्राम पर 'आस्क मी एनीथिंग' सेशन किया, जिसमें उनके फैंस ने अलग-अलग सवाल पूछे। कुछ फैंस ने पूछा कि उन्हें खाने में सबसे ज्यादा क्या पसंद है, तो कुछ फैंस ने पूछा कि उन्हें रणबीर कपूर या रणवीर सिंह में कौन अच्छा लगता है। इस दौरान एक फैन ने करिश्मा से उनकी निजी जिंदगी को लेकर भी सवाल पूछा। 'आस्क मी एनीथिंग' में एक शख्स ने करिश्मा से पूछा कि क्या वो एक बार फिर से शादी करने के बारे में सोच रही हैं?

करिश्मा कपूर ने दिया ये जवाब
हालांकि करिश्मा कपूर इस सवाल पर नाराज नहीं हुईं, बल्कि उन्होंने अपने इस फैन के सवाल पर जो जवाब दिया, उसे देखकर लगा कि जैसे करिश्मा जवाब देने के लिए बिल्कुल तैयार बैठी थीं। शादी को लेकर पूछे गए सवाल पर करिश्मा ने एक कन्फ्यूज और परेशान लड़की का मीम शेयर करते हुए लिखा, 'निर्भर करता है...'। इसके अलावा एक शख्स ने पूछा कि उन्हें रणवीर सिंह और रणबीर कपूर में कौन पसंद हैं तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि वो दोनों को प्यार करती हैं।

11 साल ही चल पाई करिश्मा और संजय की शादी
आपको बता दें कि करिश्मा कपूर ने साल 2003 में बिजनेसमैन संजय कपूर से शादी की थी लेकिन ये शादी केवल 11 साल ही चल पाई। 2014 में दोनों ने आपसी सहमति से कोर्ट में तलाक की अर्जी दी और 2016 में करिश्मा और संजय का तलाक हो गया। तलाक को लेकर करिश्मा और संजय ने एक दूसरे पर कई तरह के आरोप भी लगाए। संजय कपूर और करिश्मा के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी समायरा और एक बेटा कियान है।

'हम कपूर हैं, हमारे रुतबे के बारे में सब जानते हैं'
दोनों के तलाक के बाद हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में करिश्मा कपूर के पिता रणधीर कपूर ने इस बात का खुलासा किया था कि वो कभी इस शादी के पक्ष में नहीं थे। रणधीर कपूर ने कहा, 'हमारे रुतबे के बारे में सब जानते हैं। हम कपूर हैं। हमें किसी के पैसे के पीछे भागने की जरूरत नहीं है। हमें भगवान ने ना केवल धन-दौलत का आशीर्वाद दिया है, बल्कि हमारे पास टैलेंट भी है, जिसके जरिए हम पूरी जिंदगी दौलत कमा सकते हैं। संजय एक थर्ड क्लास आदमी है।'

'पूरी दिल्ली को पता है कि वो कैसा इंसान है'
संजय कपूर को लेकर रणधीर कपूर ने आगे कहा, 'मैं कभी नहीं चाहता था कि करिश्मा उस इंसान से शादी करे। एक पत्नी के तौर पर उसने कभी करिश्मा की परवाह ही नहीं की, वो एक गलत और अय्याश इंसान है। संजय करिश्मा को धोखा देकर एक दूसरी महिला के साथ रह रहा था। बस मैं उसके बारे में और कुछ नहीं कहना चाहता, पूरी दिल्ली को पता है कि वो कैसा इंसान है।'

कौन है करिश्मा का पसंदीदा इंसान
'आस्क मी एनीथिंग' सेशन में जब एक फैन ने करिश्मा कपूर से पूछा कि उनका पसंदीदा इंसान कौन है तो उन्होंने एक कोलाज शेयर किया, जिसमें उनके पिता रणधीर कपूर, बबीता, उनके बच्चे समायरा और कियान, बहन करीना कपूर और उनके पति सैफ अली खान, और उनके बच्चे तैमूर-जहांगीर की तस्वीर थी। इस कोलाज के साथ करिश्मा कपूर ने लिखा- ये सब मेरे पसंदीदा इंसान हैं।












Click it and Unblock the Notifications