कौन हैं Scam 2003 के गगन देव रियार, तेलगी का रोल निभाने के लिए बढ़ाया वजन और किया ये बड़ा काम
Scam 2003 Gagan Dev Riar: बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक हंसल मेहता इस समय सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। कुछ समय पहले उनकी फिल्म 'स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी' ने सफलता के झंडे गाड़े थे और अब हाल ही में वेब सीरीज 'स्कैम 2003: द तेलगी स्टोरी' ने अपने परचम लहरा रखे हैं। हंसल मेहता की इस नई वेब सीरीज में भारत के मशहूर स्टैंप पेपर घोटाले के आरोपी अब्दुल करीम तेलगी की कहानी दिखाई गई है। इस शानदार वेब सीरीज में तेलगी का किरदार थिएटर आर्टिस्ट गगन देव रियार ने निभाया है। लोग न सिर्फ इस वेब सीरीज की कहानी की बल्कि गगन देव रियार के एक्टिंग की भी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
1 सितंबर 2023 से स्ट्रीम हो रही है वेब सीरीज
'स्कैम 2003: द तेलगी स्टोरी' वेब सीरीज को गत 1 सितंबर 2023 को ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर स्ट्रीम किया गया है। रिलीज होने के बाद से ही ये वेब सीरीज सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही है। इस सीरीज में तेलगी का किरदार थिएटर अभिनेता गगन देव रियार निभा रहे हैं। आपको बता दें कि गगन देव रियार पिछले काफी समय से थिएटर के साथ जुड़े हुए हैं। वह इस रंगमंच की दुनिया में राइटर, डायरेक्टर और एक्टर के तौर पर जाने जाते हैं। वह पिछले 15 सालों से थिएटर की दुनिया में काम कर रहे हैं।

कई फिल्मों का हिस्सा रह चुके हैं गगन देव रियार
गगन देव रियार 'स्टोरीज इन ए सॉन्ग' और 'पिया बहरूपिया' जैसे दमदार नाटकों का हिस्सा रह चुके हैं। इसके अलावा वह मीरा नायर की फिल्म 'मॉनसून वेडिंग' में भी नजर आ चुके हैं। उन्होंने फिल्म 'ए सूटेबल ब्वॉय' में भी काम किया था। इसी समय बॉलीवुड के फेमस डायरेक्टर हंसल मेहता की नजर गगन देव रियार पर पड़ी थी।
थिएटर आर्टिस्ट हैं गगन देव रियार
आपको बता दें कि हंसल मेहता ने पहले गगन देव को अपनी फिल्म 'स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी' में एक बैंक मैनेजर का रोल निभाने के लिए कहा था लेकिन डेट्स की दिक्कतों के चलते ऐसा नहीं हो पाया था। बाद में हंसल मेहता ने गगन देव रियार को अपनी बेव सीरीज 'स्कैम 2003: द तेलगी स्टोरी' के लीड रोल के लिए कास्ट किया था। थिएटर आर्टिस्ट गगन देव रियार मुंबई के एक मध्यवर्गी परिवार के रहने वाले हैं। उनके परिवार ने उन्हें एक्टिंग की दुनिया में कदम जमाने के लिए पूरी तरह से सपोर्ट किया था।
किरदार के लिए बढ़ाया 18 किलो वजन
गगन देव रियार एक थिएटर कलाकार हैं, ऐसे में उन्होंने अपने किरदार में ढलने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी थी। उन्होंने एक साल खूब खाना खाया और अपने वजन को 78 किलो से बढ़ाकर 96 किलो कर लिया। अब्दुल करीम तेलगी के किरदार के लिए उन्होंने अपनी बॉडी लैंग्वेज और बोलने के तरीके पर भी जमकर काम किया था। उन्होंने तेलगी का पॉपुलर इंटरव्यू 'मनी माफिया' को बारीकी से देखा था। इसके अलावा उन्होंने कर्नाटक में खानापुर का दौरा किया था और अपनी स्पीच पर काम करने के लिए लोकल लोगों की बातें रिकॉर्ड की थीं।
तेलगी स्टैंप पेपर घोटाले की है कहानी
हंसल मेहता की इस दमदार सीरीज में भारत के मशहूर स्टैंप पेपर घोटाले के आरोपी अब्दुल करीम तेलगी की कहानी दिखाई गई है। इस सीरीज में दिखाया गया है कि आखिर कैसे एक फल बेचने वाले ने इतने बड़े स्टैंप पेपर घोटाले को अंजाम दिया था। जानकारी के अनुसार कर्नाटक के खानापुर में एक इंडियन रेलवे कर्मचारी के घर जन्मे अब्दुल करीम तेलगी पर साल 2001 में स्टैंप पेपर घोटाले का आरोप लगा था। इस स्कैम ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था। इस घोटाले के चलते तेलगी को जेल तक जाना पड़ा था। वह कई सालों तक जेल में था लेकिन साल 2017 में उसका निधन हो गया था।












Click it and Unblock the Notifications